पीएम मोदी (Photo Credits-ANI Twitter)
पीएम मोदी (Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election Updates) से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) आज अलीगढ़ (Aligarh) पहुंचे हैं। साथ ही पीएम ने राज्य को बड़ी सौगात दी है। पीएम मोदी ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी (Raja Mahendra Pratap Singh University) की आधारशिला रखी। वैसे इस कदम को जाट समुदाय को साधने के तौर पर देखा जा रहा है। 

    बता दें कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। पीएम मोदी ने इस दौरान लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं आज इस धरती के महान सपूत, स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं। आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश होते।

    पीएम मोदी ने अलीगढ़ में महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास-

    पीएम ने कहा कि हमारी आजादी के आंदोलन में कई महान व्यक्तित्वों ने अपना सबकुछ खपा दिया। लेकिन यह देश का दुर्भाग्य रहा है कि आज़ादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और नायिकाओं को अगली पीढियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गई। 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है।

    PM मोदी ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह जी के जीवन से हमें अदम्य इच्छाशक्ति, अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली जीवटता सीखने को मिलती है। वो भारत की आजादी चाहते थे और अपने जीवन का एक-एक पल उन्होंने इसी के लिए समर्पित कर दिया था।

    भारत के भविष्य की नींव में भी राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने दिया था सक्रिय योगदान: मोदी 

    प्रधानमंत्री ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने भारत के भविष्य की नींव में भी सक्रिय योगदान दिया था। उन्होंने अपने देश-विदेश की यात्राओं से मिले अनुभवों का उपयोग भारत की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए किया।

    गौर हो कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज राधा अष्टमी भी है और ब्रज क्षेत्र के लिए आज के दिन का बड़ा महत्व है। ये हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री आज इस अलीगढ़ की पावन भूमि पर अपना मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदान करने के लिए और यहां की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा करने के लिए स्वयं हमारे बीच उपस्थित हैं।