कर्टेन रेजर समारोह में मंत्री नन्दी ने कहा, UP GIS-2023 यूपी में निवेश को और विस्तार देगा

    Loading

    लखनऊ : नई दिल्ली में आयोजित कर्टेन रेजर समारोह (Curtain Raiser Ceremony) में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Minister Nand Gopal Gupta Nandi) ने कहा कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 (UP Global Investors Summit-2023) कर्टेन रेजर समारोह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के एक नए अध्याय का शंखनाद है। अध्याय जो चौमुखी विकास और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करते हुए 25 करोड़ प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और चेहरों पर मुस्कान लाने की इबारत लिखेगा। मंत्री नन्दी ने कहा कि 2017 में जिस दिन इस प्रदेश की बागडोर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मजबूत हाथों में संभाला, उस दिन से उत्तर प्रदेश के भाग्य और भविष्य का नया सूर्योदय हुआ। 

    प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के विजन से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों की सेवा, सुरक्षा और जनकल्याण को अपना एकमात्र मिशन बनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को देश दुनिया में मान-सम्मान मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को नए पंख और नई उड़ान मिली है। जहॉ एक ओर दिव्य कुम्भ भव्य कुम्भ और अयोध्या के दीपोत्सव का आयोजन गिनीज बुक में दर्ज होकर हमारी संस्कृति का जयघोष कर रहा है। तो वहीं दूसरी ओर ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी और ग्लोबल इन्वेस्टर समिट जैसे आयोजन प्रदेश के वन ट्रिलियन डालर इकोनामी बनाने के सपने को साकार करने की बुनियाद को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

    10 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया है

    मंत्री नन्दी ने कहा कि हमारें यहाँ उद्योगों के लिए पर्याप्त मात्रा में रॉ-मटेरियल, मानव संसाधन, लैण्डबैंक और खपत के लिए 25 करोड़ आबादी वाला उपभोक्ता बाजार मौजूद है। यही कारण है कि फरवरी 2023 को आयोजित होने जा रहे ऐतिहासिक ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए हमने 10 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विभिन्न राज्यों की इंडस्ट्रियल पालिसीज के गहन और व्यापक अध्ययन के बाद समग्र बिन्दुओं को समाहित करते हुए देश की सर्वश्रेष्ठ नई औद्योगिक नीति तैयार की गई है।

    उत्तर प्रदेश को मिली नई पहचान

    मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश-दुनिया में एक्सप्रेस प्रदेश के रूप में नई पहचान मिली है। हाइवेज, एक्सप्रेसवेज, एयरपोर्टस, डिफेन्स कोरिडोर, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, मेगा फूड पार्क, ट्रान्स गंगा सिटी, आईआईटी, जीएनएल और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी विकास की परियोजनाओं में निवेश की अपार संभावनाएं मौजूद है। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 इन संभावनाओं को धरातल पर साकार रूप देने में मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। मंत्री नन्दी ने कहा कि जीआईएस 2023 के लिए नीदरलैंड, डेनमार्क, सिंगापुर, यूके, फ्रांस और मॉरिशस ने पार्टनर कंट्री रूप में अपनी सहमति व्यक्त की है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को बुलेट रफ्तार और अर्थव्यवस्था को नई ऊॅचाई प्रदान करेगा।