भोजन में मोटे अनाज का उपयोग करें, स्वस्थ और सुरक्षित रहें: मंत्री नन्दी

Loading

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश सरकार (Government of Uttar Pradesh) के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Minister Nand Gopal Gupta Nandi) ने आज प्रयागराज (Prayagraj) के जिला पंचायत भवन परिसर में खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘ईट राइट मिलेट्स मेला-2023’ (Eat Right Millets Fair-2023) का उद्घाटन किया। साथ ही मोटे अनाज से संबंधित विभिन्न विभागाों, संस्थाओं शहर के प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठानों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री नन्दी ने लोगों से अपने भोजन में मोटे अनाज का उपयोग करने के साथ ही दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। 

ईट राइट मिलेट्स मेले में जनपद के प्रमुख खाद्य कारोबारियों को मिलेट्स (मोटा अनाज) पर आधारित उत्पादों को बनाने के लिए विभाग द्वारा प्रोत्साहित कर उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों को स्टालों पर और अन्य खाद उत्पादन के साथ प्रदर्शित किया गया। ईट राइट मेले में स्वयं सहायता समूह द्वारा उनके द्वारा बनाए गए खाद्य उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया। मेले में मिलेट्स की अतिरिक्त मेले में आर्गेनिक खेती के खाद्य पदार्थों को स्टालों पर बिक्री के लिए लगाई गई।

आज की पीढ़ी मोटे अनाज के फायदों से पूरी तरह अंजान: मंत्री 

मंत्री नन्दी ने कहा कि जैसा अन्न, वैसा हमारा तन और मन, यह बहुत ही पुरानी कहावत है। आज यह वास्तविकता में बदल रहा है। आज हम सभी लोग ऐसे भोज्य पदार्थों को ज्यादातर ग्रहण कर रहे हैं, जिससे हमारे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आज की पीढ़ी मोटे अनाज के फायदों से पूरी तरह अंजान है। हमें उन्हें उसके लाभों के बारे में बताना होगा और उसके सेवन के लिए प्रेरित करना होगा। साथ ही हमें भी अपने भोजन में नियमित रूप से मोटे अनाज को सम्मिलित करना होगा। 

मोटे अनाज की खेती से किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफा होगा: मंत्री नन्दी

मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर आज पूरा विश्व वर्ष 2023 को मिलेट्स वर्ष के रूप में मना रहा है। मंत्री नन्दी ने कहा कि मोटे अनाज की खेती से किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफा होगा। जिससे किसानोें के जीवन में खुशहाली और समृद्धि आयेंगी। कोविड काल के बाद लोगो ने पौष्टिक आहार के महत्व को समझा है और अपने शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आवश्यक खाद्य पदार्थों का अपने दैनिक जीवन में उपयोग करना शुरू किया है। मोटे अनाज का सेवन शरीर को मजबूती प्रदान करते है और बीमारियों से भी बचाते हैं।

सभी लोगों को अपने भोजन में मोटे अनाज का उपयोग करना चाहिए

मंत्री नन्दी ने 09 कन्याओं को मिलेट्स किट्स का वितरण किया। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इण्टर कालेज, ज्वाला देवी इण्टर कालेज सिविल लाइन, रॉयल पब्लिक स्कूल आदि स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह ने मोटे अनाज से होने वाले लाभों के बारे में बताते हुए कहा कि इसके सेवन से शरीर के अंग स्वस्थ रहेंगे और अपना कार्य बेहतर तरीके से करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने भोजन में मोटे अनाज का उपयोग करना चाहिए।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, जिला अधिकारी संजय कुमार खत्री, सिटी मजिस्ट्रेट सत्यप्रिय सिंह, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कनौजिया, सहायत आयुक्त खाद्य द्वितीय ममता चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।