UPPCL

Loading

लखनऊ: विद्युत उत्पादन (Power Generation) के क्षेत्र में योगी सरकार (Yogi Govt.) ने एक और नया कीर्तिमान (New Record) बनाया है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2022-23 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लि. (Uttar Pradesh Power Corporation Ltd.) ने कुल 39,691 मिलियन यूनिट सकल विद्युत उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश राज्य राज्य विद्युत उत्पादन निगम लि. का अधिकतम 37,657 मिलियन यूनिट सकल विद्युत उत्पादन का रिकॉर्ड वित्तीय वर्ष 2018-19 में रहा था। जिसे वित्तीय वर्ष 2022-23 में 2034 मिलियन यूनिट अधिक (5.40 प्रतिशत अधिक) विद्युत उत्पादन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया गया।

इस वित्तीय वर्ष 2022-23 में उत्तर प्रदेश राज्य राज्य विद्युत उत्पादन निगम लि. के अनपरा ओबरा, पारीछा और हरदुआगंज तापीय परियोजनाओं से कुल 39,691 मिलियन यूनिट सकल विद्युत उत्पादन हुआ जो पूर्व वित्तीय वर्ष 2021-22 में हुए कुल 35,022 मिलियन यूनिट सकल विद्युत उत्पादन से 13.33 प्रतिशत अधिक रहा है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में उत्तर प्रदेश राज्य राज्य विद्युत उत्पादन निगम लि. द्वारा 76.44 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) प्राप्त किया गया है, जो विगत तीन वित्तीय वर्षों 2019-20, 2020-21 और 2021-22 में क्रमशः प्राप्त 68.80 प्रतिशत, 69.71 प्रतिशत और 71.82 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) से अधिक है।

अनपरा ने किया रिकॉर्ड उत्पादन

इस कीर्तिमान में अनपरा द ताप विद्युत गृह की 2×500 मेगावाट की इकाईयों द्वारा रिकार्ड 95.75 प्रतिशत वार्षिक प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) पर उत्पादनरत हुए अब तक का अधिकतम 8,388 मिलियन यूनिट का सकल विद्युत उत्पादन किया गया। साथ ही ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह की 5×200 मेगावाट की इकाईयों द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में रिकार्ड अधिकतम 6,097 मिलियन यूनिट का सकल विद्युत उत्पादन किया गया है।

उपलब्धि पर जताया हर्ष

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन एवं उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लि. के अध्यक्ष एम देवराज ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री के मार्गदर्शन के कारण यह उपलब्धि हासिल की जा सकी है। अध्यक्ष ने इस उपलब्धि के लिए उत्पादन निगम के कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा है कि ईमानदारी, लगन और कठिन परिश्रम के कारण यह कीर्तिमान बनाया जा सका है।