Date of signing of Jewar Airport agreement postponed due to Corona
प्रतिकात्मक फोटो

    Loading

    – राजेश मिश्र

    लखनऊ : जेवर एयरपोर्ट (Jewar Airport) के शिलान्यास (Foundation Stone) के बाद अब उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की योगी सरकार (Yogi Government) ने इसके करीब और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कई नए उपनगर बसाने की योजना बनाई है। एयरपोर्ट के 100 किलोमीटर के दायरें में बसाए जाने वाले ये शहर सभी तरह की आधुनिक सुविधाओं से लैस तो होंगे ही साथ ही इनमें उद्योगों के लिए भी भूखंड होंगे।  

    प्रदेश सरकार ने जेवर एयरपोर्ट के करीब नोयडा, वृंदावन (मथुरा), टप्पल (अलीगढ़) और आगरा में नई टाउनशिप विकसित करने की योजना बनाई है। मथुरा जिले में वृंदावन से दिल्ली जाने वाले रास्ते पर नया वृंदावन बसाया जाएगा। आगरा में न्यू आगरा के नाम से टाउनशिप बनाई जाएगी। 

    औद्योगिक विकास विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह चारों शहर नया वृन्दावन, नया आगरा, नया नोएडा और टप्पल-बाजना यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे इस अंदाज में बसाए जाएंगे कि एक तरफ इनमें औद्योगिक और शैक्षणिक गतिविधियों का ख़ास ध्यान रखा जायेगा तो दूसरी तरफ भगवान श्रीकृष्ण की ज़िन्दगी पर रौशनी डालने वाला भी एक ऐसा शहर बसेगा जिसमें आकर कोई भी आध्यात्मिक रंग में रंग जायेगा।

    80 गांवों को आपस में जोड़कर नया नोएडा बसाया जाएगा

    प्रदेश सरकार की योजना के मुताबिक जेवर एयरपोर्ट के बिलकुल करीब नया नोएडा बसाया जाएगा। नोयडा और ग्रेटर नोयडा के विस्तार की सीमा समाप्त हो जाने बाद और मांग को देखते हुए नया नोयडा बसाने की जरुरत महसूस की गई है। अधिकारियों का कहना है कि खुर्जा, दादरी और बुलंदशहर के 80 गांवों को आपस में जोड़कर नया नोएडा बसाया जाएगा। नए नोएडा से दिल्ली-मुंबई  इंडस्ट्रियल रेलवे कारीडोर और अमृतसर-कोलकाता डेडीकेटेड फ्रेट कारीडोर भी गुजरेंगे। नए नोयडा उपनगर में उद्योगों के लिए भी जमीन दी जाएगी। हालांकि यहां ज्यादातर फ्लैटेड फैक्ट्री कांप्लेक्स बनाने की ही योजना है।

    नए वृन्दावन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना 

    इसी के साथ  प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से यमुना प्राधिकरण ने राया कस्बे में नया वृन्दावन बसाने की योजना बनाई है। राया कस्बें में मौजूद 9350 हेक्टेयर जमीन पर नया वृंदावन बसाया जाएगा। यमुना नदी के किनारे बसने वाले इस आध्यात्मिक शहर में टूरिज्म ज़ोन के साथ ही रिवर फ्रंट भी विकसित किया जाएगा नए वृन्दावन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है। मथुरा और वृन्दावन आने वाले यहां आकर रुक सकेंगे और बृज की संस्कृति को करीब से देख सकेंगे। यहां पर होटल, रिज़ार्ट्स इत्यादि मलेशिया और वियतनाम की तर्ज़ पर तैयार किए जायेंगे।

    लाजिस्टिक और वेयर हाउसिंग का क्लस्टर बनाया जायेगा

    इसी के साथ ही प्रदेश सरकार की योजना यमुना एक्सप्रेस के किनारे 12000 हेक्टेयर में नया आगरा भी बसाने की है। नए आगरा के ज़रिये लेदर इंडस्ट्री को प्रोत्साहित किया जाएगा। यहां आवासीय भूखंडों के साथ ही उद्योगों के लिए जमीन भी होगी। नया आगरा शहर भी एनसीआर क्षेत्र में शामिल कराया जाएगा। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट के पास अलीगढ़ जिले के टप्पल ब्लाक में टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर के नाम से एक शहर बसाया जाएगा। इसे लाजिस्टिक और वेयर हाउसिंग का क्लस्टर बनाया जायेगा।