
दिल्ली: नींद इंसान के लिए बहुत जरूरी चीज है। नींद (Sleep) पूरी न होना सेहत के लिए खतरनाक है। देर रात तक पार्टियां करने, सुबह की शिफ्ट या टेंशन के कारण कई लोगों को पर्याप्त नींद न लेने की समस्या (Problem) का सामना करना पड़ रहा है। अनिद्रा की समस्या आम हो गई है। इसके अलावा नींद न आने की समस्या ज्यादातर युवाओं (Youth) में देखी जाती है। नींद पूरी न होने से चिड़चिड़ापन, भूख न लगना जैसी कई समस्याएं हो जाती हैं। बदलती जीवनशैली का हमारी नींद पर भी बड़ा असर पड़ता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इतनी बड़ी संख्या में लोग पर्याप्त नींद नहीं ले पाते हैं।
एप्पल हार्ट एंड मूवमेंट स्टडी के डेटा का इस्तेमाल
शोधकर्ताओं ने एप्पल हार्ट एंड मूवमेंट स्टडी के डेटा का इस्तेमाल कर यह जानकारी दी है। अमेरिका (America) में ब्रिघम और महिला अस्पताल द्वारा इस महीने प्रकाशित किया गया यह अध्ययन 42,000 से अधिक एप्पल वॉच यूज़र्स (Apple Watch Users) की नींद के आंकड़ों पर आधारित है। अमेरिका में ब्रिघम और महिला अस्पताल के शोधकर्ताओं ने अधिक एप्पल वॉच यूज़र्स से 29 मिलियन से अधिक रातों की नींद का एनालिसिस किया। इसमें शोधकर्ताओं को जो जानकारी मिली वह हैरान करने वाली है। यह बात सामने आई है कि केवल 31% लोग ही रात में कम से कम 7 घंटे की नींद ले पाते हैं। दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक स्वस्थ व्यस्क को 7 घंटे की नींद की जरूरत होती है।
दिल से जुड़ी बीमारियों जैसी समस्याओं का करना पड़ता है सामना
शोधकर्ताओं ने पाया कि सप्ताह के दिनों में, यानी सोमवार से शुक्रवार, 66.4% लोग रात 12 बजे से पहले बिस्तर पर चले जाते हैं। लेकिन छुट्टियों के दिन यानी शनिवार और रविवार को यह संख्या घटकर 56.6% रह जाती है। वाशिंगटन में 38.3% लोग 7 घंटे से ज्यादा की नींद लेते हैं। हवाई में 7 घंटे से ज्यादा सोने वालों की संख्या बहुत कम है। अध्ययन में कुल 42,455 प्रतिभागियों ने बताया कि प्रति व्यक्ति सोने का औसत समय प्रति रात 6 घंटे 27 मिनट था। दूसरी ओर, अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन हर रात 7 से 9 घंटे की नींद लेने की सलाह देता है। इससे कम सोने वालों को तनाव, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, शुगर, कोलेस्ट्रॉल लेवल (Stress, Obesity, High Blood Pressure, Sugar, Cholesterol Level) के साथ दिल से जुड़ी बीमारियों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।