बर्ड फ्लू को लेकर भिवंडी मनपा अलर्ट

  • मनपा आयुक्त पंकज आशिया ने डॉक्टरों के साथ की बैठक

Loading

भिवंडी. समूचे देश में तेजी से पैर पसार रहे बर्ड फ्लू बीमारी को लेकर भिवंडी मनपा बेहद सतर्क हो गई है। मनपा आयुक्त डॉ. पंकज आशिया के मार्गदर्शन में मनपा प्रमुख वैद्यकीय अधिकारी डॉक्टर के. आर. खरात द्वारा मनपा मुख्यालय स्थित सभागार में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े डॉक्टरों, मनपा वार्ड अधिकारियों के साथ बैठक की गई। उक्त बैठक में बर्ड फ्लू प्रसार को भिवंडी शहर में न पसरने दिए जाने हेतु जरूरी उपायों पर चर्चा की गई। मनपा आयुक्त पंकज आशिया ने शहर स्थित मांस, चिकन, अंडा शाप के प्रमुख ठिकानों पर साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव सहित अन्य जरूरी उपाय किए जाने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब हो कि विगत 15 दिनों से बर्ड फ्लू का प्रकोप समूचे देश में शुरू हो गया है। महाराष्ट्र में भी नवी मुंबई, ठाणे, कल्याण आदि अन्य शहरों के आसपास बर्ड फ्लू का प्रकोप शुरू हो गया है। बर्ड फ्लू की गंभीरता को देखते हुए मनपा आयुक्त डॉ. पंकज आशिया ने बैठक के दरम्यान डॉक्टरों व वार्ड ऑफिसर को निर्देश देते हुए कहा कि बर्ड फ्लू बीमारी प्रसार को देखते हुए बेहद सतर्कता बरतने की जरूरत है।

भिवंडी मनपा मुख्य वैद्यकीय अधिकारी डॉक्टर के. आर. खरात ने कहा कि भिवंडी शहर  स्थित चिकन, मांस, अंडा विक्रेताओं को परिसर स्वच्छता का पूरा ध्यान देना चाहिये। बर्ड फ्लू को लेकर मांस दुकानदारों में  जागरूकता होना बेहद जरूरी है। चिकन, मांस, अंडा दुकानदारों को बर्ड फ्लू सुरक्षा हेतु शासन के दिशा- निर्देशों का पालन  करना चाहिए। मनपा आयुक्त पंकज आशिया ने मनपा प्रभाग समिति के पांचों सहायक आयुक्तों को निर्देश दिया है कि चिकन, मांस, अंडा की दुकान चला रहे तमाम व्यापारियों को बर्ड फ्लू प्रसार को रोकने हेतु कारगर कदम उठाए जाने की जानकारी मुहैया कराई जाए। मनपा नियमों का अनुपालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। बता दें कि भिवंडी शहर में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।