Dowry
File Photo

    Loading

    भिवंडी. नारपोली पुलिस स्टेशन (Narpoli Police Station) अंतर्गत कामतघर ब्रह्मानंद नगर निवासी एक महिला की शिकायत (Complaint) पर पुलिस ने उसके पति, सास, ससुर एवं देवर के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न (Dowry Harassment) का आपराधिक मामला दर्ज किया है। पीड़ित महिला के पिता का आरोप है कि दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करने के 15 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रही है।

    मिली जानकारी के अनुसार नालासोपारा निवासी चांदनी गुप्ता (21) की शादी कामतघर ब्रह्मानंद नगर निवासी अखिलेश गुप्ता (24) के साथ 18 दिसंबर 2020 को हुई थी। शादी के दौरान उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार काफी घरेलू सामान एवं दहेज दिया था। बावजूद उस दहेज से ससुराल पक्ष खुश नहीं था। शादी के बाद दोबारा 18 जनवरी 2021 को मायके से ससुराल आने के 2 दिन बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने लगे। पीड़िता द्वारा ससुर केशव गुप्ता के ऊपर चरित्रहनन का आरोप भी लगाया गया। जिसकी शिकायत पर पति अखिलेश गुप्ता नें उसे अपमानित किया।

    पीड़िता ने पति और ससुर पर आरोप लगाया है कि टीवी की तेज आवाज करके उसके सामने नाचने के लिए मजबूर करते थे जिसका विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। पति अखिलेश मायके से नई गाड़ी, टीवी, वाशिंग मशीन आदि के लिए पैसा लाने के लिए उसे प्रताड़ित करता था। ससुराल पक्ष की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर वह नालासोपारा स्थित अपने मायके चली गई थी। मायके से पुनः वापस ससुराल आने के बाद उसके पति, सास, ससुर की प्रताड़ना कम नहीं हुई तो उसनें पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करा दिया। नारपोली पुलिस ने उसके पति अखिलेश गुप्ता, सास नीलम गुप्ता, ससुर केशव गुप्ता एवं देवर राजदेव गुप्ता के विरुद्ध आईपीसी की धारा 498 (ए) एवं 34 के तहत मामला दर्ज किया लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की है जिससे पीड़िता परेशान है।