ट्रैफिक समस्या को लेकर शीर्ष अधिकारियों से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

  • शोएब खान गुड्डू ने रखी समस्या के निवारण की मांग

Loading

भिवंडी. भिवंडी शहर की ट्रैफिक समस्या (traffic problem) को बेहद गंभीर करार देते हुए कांग्रेस के पूर्व शहराध्यक्ष शोएब खान गुड्डू ने कांग्रेस के सभी फ्रंटल अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के साथ भिवंडी डीसीपी योगेश चव्हाण एवं यातायात विभाग इंचार्ज रविन्द्र माने से मुलाकात कर ट्रैफिक समस्या का हल निकालने का ज्ञापन दिया। डीसीपी योगेश चव्हाण ने उक्त मुद्दे के निवारण हेतु आवश्यक कदम उठाए जाने का भरोसा दिया है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में शहर प्रवक्ता इकबाल सिद्दीकी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेहाना अंसारी, सेवादल अध्यक्ष अशफ़ाक हाशमी, युवा अध्यक्ष अराफ़ात खान, छात्र संगठन अध्यक्ष रेहान खान, झोपड़पट्टी संघ अध्यक्ष अहमद सिद्दीक़ी, ह्यूमन राइट्स अध्यक्ष अब्दुल जब्बार, ब्लॉक अध्यक्ष शेख शफीक बाबू, अल्पसंख्यक शहर अध्यक्ष जुबैर अंसारी, इंटक अध्यक्ष अनसार मोमिन, महासचिव जकी अंसारी, डॉक्टर वसीम अंसारी आदि मौजूद थे।

ग़ौरतलब हो कि भिवंडी शहर में निरन्तर जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। अल्प दूरी को भी तय करने में घण्टों लगते हैं। भिवंडी शहर में ट्रैफिक पुलिस की कमी की वजह से शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी ट्रैफिक में मरीज और महिलाओं को घंटों परेशान होना पड़ता हैं।

शोएब गुड्डू के अनुसार यातायात समस्या को कंट्रोल किये जाने हेतु बेहद जरूरी है कि भिवंडी शहर में बड़ी गाड़ियों का समय निर्धारित किया जाए। व्यस्त समय में भारी लोडेड वाहनों को शहर में आने से रोका जाए, जिससे भिवंडी शहर के लोगों को ट्रैफिक से निजात मिल सके। मांग की गई है कि ट्राफिक नियंत्रण हेतु ट्रैफिक पुलिस का बंदोबस्त  बढ़ाया जाए।  डीसीपी चव्हाण ने प्रतिनिधिमंडल की मांग पर सहमति दर्शाते हुए कहा कि ट्रैफिक समस्या निवारण हेतु जल्द ही एक पुख्ता मास्टर प्लान तैयार कर भिवंडी वालों को ट्रैफिक समस्या से जल्द निजात दिलाई जाएगी।