Representative Pic
Representative Pic

    Loading

    ठाणे. एमएमआरडीए (MMRDA) का महत्वाकांक्षी प्रकल्प (Ambitious Project) वडाला (Wadala) से ठाणे-कासारवडवली मेट्रो (Thane-Kasarvadvali Metro) का काम वर्तमान समय में प्रगति पथ पर है। इस परियोजना से जहां आम ठाणे करों को यात्रा में लाभ मिलेगा तो वहीं मुख्य मेट्रो स्टेशन (Metro Station) के कारण ठाणे के तीन हात नाका (Teen Haat Naka) की जगह पर यातायात जाम और भी गंभीर होने की संभावना जताई जा रही है। क्योंकि विशेषज्ञों का मत है कि ठाणे में मुख्य मेट्रो का तीन हात नाका ठाणे का पहला मेट्रो स्टेशन होगा और इस जगह पर पहले ही बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन के निर्माण से और पार्किंग की सही तरीके से नियोजन न होने के कारण इस परिसर में जाम की समस्या भविष्य में गंभीर होने वाला है। साथ ही इस परिसर में यातायात जाम की समस्या को कम करने के लिए प्रस्तावित ग्रेड सप्रेटर को अभी तक गति नहीं मिल पाई है।  

    गौरतलब है कि मध्य रेलवे के लोकल ट्रेनों में बढ़ी भीड़ को कम करने के लिए और शहर की सड़कों पर बढ़ रहे दो पहिया और चार पहिया वाहनों में कमी लाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने मेट्रो परियोजना शुरू किया है। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के माध्यम से यह काम किया जा रहा है।  वडाला से ठाणे-कासारवडवली मेट्रो परियोजना पिछले कुछ महीनों से शुरू है।    इस परियोजना की मार्गिका ठाणे शहर से गुजरने वाले मुंबई-नाशिक महामार्ग और घोड़बंदर परिसर से होकर जाने वाले मुंबई-अहमदाबाद महामार्ग से जा रहा है।  ठाणे शहर से मुख्य मेट्रो मार्ग को देखें तो यह मार्ग तीन हाथ नाका से कासारवडवली और आगे गायमुख तक विस्तारित किया जाने वाला है।  

    ठाणे में मेट्रो के 11 स्टेशन

    ठाणे महानगरपालिका की सिमा में मेट्रो स्टेशन के कुल 11 स्टेशन है। क्योंकि  पूरा मेट्रो परियोजना एलिवेटेड है तो सभी स्टेशन भी एलिवेटेड ही बनाया जा रहा है। ऐसे में ठाणे के तीन हाथ नाका से लेकर आगे घोडबंदर रोड पर मेट्रो भले ही ऊपर से जा रही है, लेकिन नीचे से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है।  ऐसे में जिन स्थानों पर स्टेशन बनाया जाने वाला है वहां पर पार्किंग का नियोजन करना चाहिए था लेकिन एक भी स्टेशन पर पार्किंग का उत्तम प्रकार से नियोजन न किये जाने से यातायात जाम की समस्या भविष्य में बढ़ने वाली है।

    तीन हाथ नाक पर प्रस्तावित अन्य कामों को भी नहीं मिल पाई गति

    वैसे ठाणे महानगरपालिका की तरफ से तीन हाथ नाका पर वर्तमान समय में हो रहे यातायात जाम की समस्या को दूर करने के लिए उड़ान पुल पर दूसरा उड़ान पूल का निर्माण करने, भूमिगत रास्ता तैयार करने के साथ ही उड़ान पूल के समीप ही नए रास्ते का निर्माण करने सहित अनेक कामों को स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत प्रस्तावित किया गया थ। 2016 में ठाणे महानगरपालिका  के तत्कालीन आयुक्त संजीव जायसवाल की तरफ से ग्रेड सेपरेटर नामक परियोजना का प्रस्ताव भी तैयार किया गया था। इसके बाद मई 2017 में इस परियोजना की शुरुआत किया जाने वाला था। लेकिन केंद्रीय महामार्ग विभाग द्वारा परियोजना के लिए निधि न मिलने के कारण यह परियोजना अधर में लटका हुआ है।  

    ग्रेड सेपरेटर के डिजाइन में भी अब करना पड़ेगा बदलाव

    इस प्रस्तावानुसार वर्तमान समय में स्थित उड़ान पूल को तोड़कर नया उड़ान पल बनाने के साथ ही उड़ान पूल के ऊपर एक और उड़ान पूल का निर्माण किया जाने वाला था।  इस उड़ान पूल को मल्हार सिनेमा के पास और नितिन कंपनी उड़ान पूल  को जोड़ने के आलावा एक छोर टिपटॉप प्लाजा-इटरनिटी मॉल की तरफ निकाला जाने वाला था।  साथ ही एक इटर्निटी मॉल के पास और दूसरा हरिनिवास सर्कल की तरफ भी छोड़ा जाने वाला था, लेकिन अब इटर्निटी मॉल के सामने से मेट्रो लाईन जा रही है और तीन हाथ नाका पर मेट्रो स्टेशन प्रास्तावित होने के कारण ग्रेड सेपरेटर की डिजाइन में भी अब बदलाव करना पड़ेगा।  

    नागपूर मेट्रो के तर्ज पर किया जाए नियोजन

    जिस प्रकार नागपूर मेट्रो स्टेशन के पास सुविधाओं का नियोजन किया गया है, ठीक अब इसी तर्ज पर ठाणे के मेट्रो स्टेशन में भी नियोजन की मांग उठ रही है।  ठाणे के कई विशेषज्ञों ने नागपुर मेट्रो परियोजना और स्टेशन पर की गई सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि नागपुर में मेट्रो स्टेशन के पास बस, रिक्शा, दो पहिया वाहन और चार पहिया वाहन को खड़ा करने अर्थात पार्किंग के साथ ही यात्रियों को अन्य सुविधाओं का ख्याल रखा गया है और उत्तम तरीके से सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ठीक इसी प्रकार यदि ठाणे के मेट्रो स्टेशनों पर भी  सुविधा उपलब्ध कराया जाता है तो भविष्य में यातायात जाम से लोगों को छुटकारा मिल सकेगा।

    ठाणे में मेट्रो स्टेशन

    • तीन हाथ नाका
    • आरटीओ ठाणे
    • महानगर पालिका मार्ग
    • कैडबरी जंक्शन
    • माजिवाडा
    • कापूरबावडी
    • मानपाडा
    • टिकुजी-नी-वाडी
    • डोंगरीपाडा
    • विजय गार्डन
    • कासारवडवली