Fire at 3 companies in Turbhe MIDC, death of one

    Loading

    नवी मुंबई. रविवार को तुर्भे एमआईडीसी (Turbhe MIDC) में भूखंड क्रमांक-डी-315 पर स्थित रंग बनाने वाली बालाजी पॉलिकॉट्स नामक कंपनी में रविवार की सुबह में 8 बजे के दौरान अचानक आग (Fire) लग गई। यह आग काफी भीषण थी। जिसकी चपेट में बगल की अन्य 2 कंपनी भी आ गई। जिसके चलते यह तीनों कंपनी जलकर खाक हो गई। अग्निशमन विभाग ने दमकल की 5 गाड़ियों की मदद से इस आग को बुझाने का काम किया। इस अग्निकांड में कंपनी में काम कर रहे एक कर्मचारी की मौत (Death) हुई।

    नवी मुंबई महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बालाजी पॉलिकॉट्स कंपनी रंग बनाने का काम करती है। जिसके लिए लगने वाले रसायन को कंपनी में ड्रम में भरकर रखा गया था। जिसमें अचानक आग लगने की घटना हुई। यह आग किस वजह से लगी। इसके बारे में छानबीन की जा रही है। इस भीषण आग को बुझाने में लगभग 6 घंटे का समय लगा।

    झोपड़पट्टी में रहने वालों में था भय का माहौल

    गौरतलब है कि बालाजी पॉलिकॉट्स कंपनी के पास ही झोपड़पट्टी है। जिसमें हजारों लोग अपने परिवार के साथ रहते है। जिस समय यह आग भीषण रूप धारण करके बगल की अन्य 2 कंपनियों तक पहुंची। उस समय यहां की झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया था। जिसकी वजह से यहां पर रहने वाले लोग अपने झोपड़ों से बाहर निकलकर दूर चले गए थे। लोगों को यह डर सता रहा था कि अगर आग ने यहां के झोपड़ों को अपनी चपेट में लिया तो सैकड़ों लोग बेघर हो जाएंगे।