MHADA will build 20 thousand houses: Jitendra Awhad

    Loading

    भिवंडी. भिवंडी महानगरपालिका (Bhiwandi Municipal Corporation) द्वारा मकान निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने पर आर्थिक रूप से पिछड़ों, गरीब, मध्यम वर्ग के लोगों की आवास सुविधा के लिए म्हाडा (MHADA) द्वारा भिवंडी (Bhiwandi) में 20 हजार घरों का निर्माण किया जाएगा। उक्त घोषणा गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड (Jitendra Awhad) ने महानगरपालिका मुख्यालय (Municipal Corporation Headquarters) में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में की। उक्त मौके पर महापौर प्रतिभा पाटिल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी जिलाध्यक्ष शोएब खान गुड्डू, उपमहापौर इमरान खान, ठाणे महानगरपालिका विरोधी पक्ष नेता शानू पठान, शमीम खान, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पूर्व अध्यक्ष भगवान टावरे आदि उपस्थित थे। 

    गौरतलब है कि शहर के सर्वांगीण विकास की समग्र जानकारी सहित विकास कार्यों को गति प्रदान किए जाने की खातिर गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने भिवंडी महानगरपालिका का दौरा किया। महानगरपालिका स्थाई समिति सभागृह में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री आव्हाड के साथ महापौर प्रतिभा पाटिल, आयुक्त सुधाकर देशमुख, कोणार्क विकास आघाडी गटनेता विलास पाटील, उपमहापौर इमरान खान, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी जिलाध्यक्ष शोएब खान गुड्डू और स्थाई  सहित प्रमुख नेताओं से शहर के विकास कार्यों के बारे में चर्चा हुई।

    शहर के तमाम विकास कार्य ठप्प

    बैठक में मौजूद महापौर प्रतिभा पाटिल ने गृह निर्माण मंत्री आव्हाड को बताया कि शहर के तमाम विकास कार्य फंड न होने की वजह से पिछले  2 वर्षों से ठप पड़े हैं। शहरवासी विकास कार्यों की आस जोह रहे हैं। आवश्यक फंड के अभाव में नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का निदान भी नहीं हो रहा है। विकास कार्य न होने से जनप्रतिनिधि परेशान हैं। कोणार्क विकास आघाड़ी गटनेता पूर्व महापौर विलास पाटील ने कहा कि धनाभाव होने की वजह से शहर में कोई भी विकास कार्य किया जाना बहुत  कठिन है। कोरोना संकट काल की वजह से निधि के अभाव में विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लग चुका है। शहर के लोग अच्छी सड़क, स्वच्छता, स्वच्छ पानी, शौचालय व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम आदि के लिए बारंबार महानगरपालिका की दौड़ लगा रहे हैं। महानगरपालिका कमिश्नर सुधाकर देशमुख ने शहर में चल रहे तमाम विकास कार्यों की जानकारी मंत्री को दी और फंड के अभाव में विकास कार्यों को गति प्रदान किये जाने में लाचारी जाहिर किया। गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री अजीत पवार सहित विकास कार्यों से संबंधित सभी मंत्रियों से शीघ्र ही विस्तृत चर्चा कर भिवंडी शहर का विकास सुनिश्चित किए जाने का भरोसा दिया है।

    म्हाडा निर्माण करेगी 20 हजार मकान

    गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि भिवंडी महानगरपालिका आर्थिक रूप से पिछड़ों, गरीबों के घर के लिए आरक्षित भूमि पर म्हाडा 20 हजार मकान निर्माण को तैयार है। म्हाडा द्वारा निर्मित मकानों का लाभ गरीब, पिछड़ों, मध्यम वर्ग को मिलेगा जिसके वे पूर्णतया हकदार हैं। मंत्री आव्हाड नें आगामी समय में भिवंडी शहर के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिया है। 

    मकान हादसे में मृतक परिवार को 5 लाख व घायलों को 50 हजार की मदद

    गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने आजमी नगर स्थित एक मंजिला इमारत जमींदोज हादसे में पीड़ित मृतक परिवार को 5 लाख रुपये और घायलों को मुफ्त उपचार सहित 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद शासन द्वारा जल्द दिए जाने की घोषणा की है।