ganesh-naik

Loading

पूर्व सांसद रामशेठ ठाकुर को भी पार्टी में जिम्मेदारी

नवी मुंबई. भारतीय जनता पार्टी ने लॉकडाउन के बीच पार्टी संगठन को मजबूत करने की कोशिश जारी रखी है. शुक्रवार को महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी में दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को विशेष स्थान दिया गया है. नवी मुंबई के राजनीतिक छत्रप विधायक गणेश नाईक को विशेष निमंत्रित सदस्य पद पर नियुक्त किया गया है.व हीं रायगड़ के भाजपा नेता पूर्व सांसद रामशेठ ठाकुर को भी कार्यसमिति का विशेष निमंत्रित सदस्य नामित किया गया है. पूर्व सांसद संजीव नाईक को निमंत्रित सदस्य बनाया गया है. प्रांताध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल द्वारा नियुक्तियों की घोषणा के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं मिलने लगी हैं. नवी मुंबई के भाजपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र घरत ने कहा कि पार्टी आलाकमान ने कार्यकर्ताओं की योग्यताओं और क्षमताओं का ध्यान रखते हुए पदों पर नियुक्ति की है. उन्होंने माना कि पार्टी ने बाहर से आए दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं का विशेष खयाल रखते हुए उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में सम्मानित सदस्य यानी विशेष निमंत्रित सदस्य के रूप में नियुक्ति की है. यह कोर कमेटी है जिसके जरिए पार्टी संगठन को आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार की जाएगी.

विक्रांत पाटिल को प्रदेश युवा मोर्चा की कमान

वहीं पनवेल के पूर्व उपमहापौर एवं युवा मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता विक्रांत बालासाहब पाटिल को पार्टी ने महाराष्ट्र युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. बता दें कि विक्रांत पाटिल कई वर्षों से भाजपा युवा मोर्चा के लिए काम करते आ रहे हैं. एक सक्रिय और समर्पित युवा कार्यकर्ता के साथ ही संगठन कौशल्य, युवा में खास पैठ एवं दूरदर्शी सोच वाले युवा नेता विक्रांत पाटिल को प्रदेश युवा मोर्चा की कमान सौप कर पार्टी ने यह साबित कर दिया है कि वह युवाओं को किस तरह केंद्र में रखना चाहती है. अपनी नियुक्ति पर विक्रांत पाटिल ने कहा कि यह बड़ी जिम्मेदारी है. हमारा लक्ष्य पार्टी को मजबूती देने केसाथ ही केन्द्र सरकार की योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाना और उन्हें पार्टी से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि जल्द ही युवाओं के उत्साह वर्धन के लिए कार्यक्रम आय़ोजित किए जाएंगे.