One more blow to BJP in Navi Mumbai

  • रामाशीष ने छोड़ी पार्टी, शिवसेना में हुए शामिल

Loading

नवी मुंबई. मनपा चुनाव (Navi Mumbai Municipal Corporation Election) का बिगुल बजने से पहले ही नवी मुंबई (Navi Mumbai) भाजपा (BJP) में आउटगोइंग शुरू हो गई है। इस कड़ी में दीघा के यादव नगर इलाके में अपनी पकड़ रखने वाले रामाशीष यादव ने पार्टी को राम-राम कहते हुए शिवसेना का दामन थाम लिया। यादव के पार्टी छोड़ने से भाजपा को 13वीं बार झटका लगा है। इसके पहले उसके 12 पूर्व नगरसेवक पार्टी छोड़कर शिवसेना व राकां का दामन थाम चुके हैं।

दीघा विभाग के तहत आने वाले यादव नगर व उसके आसपास के क्षेत्रों में रामाशीष यादव का दबदबा है। जिसके चलते यहां पर उनकी मर्जी का व्यक्ति ही नगर सेवक चुना जाता है। यादव खुद इस क्षेत्र से 2 बार नगरसेवक रह चुके हैं। यादव ने ठाणे जिले के पालक मंत्री एकनाथ शिंदे की प्रमुख उपस्थिति में शिवसेना में प्रवेश किया। इस अवसर पर ठाणे के सांसद राजन विचारे, विधायक रविंद्र फाटक, नवी मुंबई शिवसेना उप जिला प्रमुख मनोज हलदनकर, एमके मढ़वी, देवेंद्र पाटिल, सुरेश भिलारे आदि उपस्थित थे।

जान को बताया था खतरा 

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रामाशीष यादव ने खुद को जान का खतरा होने की आशंका व्यक्त की थी। जिसके बाद भाजपा नेता व विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर के साथ उन्होंने नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त विपिन कुमार सिंह को इस संबंध में निवेदन किया था और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी।

बढ़ रहा था राजनीतिक दबाव

जानकारों का कहना है कि यादव ऐरोली के विधायक गणेश नाईक के बेहद करीबी थे। नवी मुंबई महानगर पालिका के चुनाव में यादव भाजपा के लिए काफी मददगार साबित हो सकते थे। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उनपर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा था। यादव मनपा का आगामी चुनाव नहीं लड़ सके इसके लिए भी राजनीतिक षड्यंत्र रचा जा रहा था। शायद इन सभी से बचने के लिए ही यादव ने भाजपा को छोड़कर शिवसेना का दामन थामा है।