अलास्का के इस शहर में नहीं होगा दो महीने तक सूर्योदय, डूबा रहेगा अँधेरे में

Loading

सूरज हमारे लिए कितना ज़रूरी है यह बात तो सभी जानते हैं। मानव जीवन ही सूर्य के बिना असंभव है। लेकिन क्या आप जानते हैं पृथ्वी पर एक ऐसा शहर है, जहाँ अब आने वाले कुछ दिनों तक सूर्योदय नहीं होगा। जी हाँ, अमेरिका के अलास्का में एक ऐसा शहर है, जहाँ अब कई दिनों तक सूरज की रौशनी नहीं आएगी। इस शहर में लोग सूरज को आने वाले कुछ दिन तक नहीं देख पाएंगे। अलास्का के इस छोटे से शहर का नाम है उट्क्वियाग्विक (Utqiagvik)। 

इस शहर के लोगों को अब सूरज के दर्शन सीधे अलगे साल ( 2021) में होंगे। वहां अब वार्षिक अंधकार का चरण शुरू हो गया है। कुदरत की इस महत्वपूर्ण घटना को ‘ध्रुवीय रात’ के तौर पर जाना जाता है, जिसकी शुरुआत उट्क्वियाग्विक में हर साल ठंड में होती है। अलास्का का उट्क्वियाग्विक शहर आर्कटिक सर्किल के उत्तर में है। यह छोटा सा शहर पहले ‘बैरो’ के नाम से जाना जाता था और अभी भी कुछ अमेरिकी लोग इसे उसी नाम से बुलाना पसंद करते हैं। 

यहाँ 19 नवंबर को आखिरी सूर्योदय हुआ, वह अब दो महीने बाद 22 जनवरी को ही होगा। अलास्का के इस शहर में यह प्राकृतिक घटना उस समय हो रही है, जब भारत में पहले अस्ताचलगामी और फिर उगते सूर्य की आराधना का महापर्व ‘छठ’ मनाया जा रहा है। वैसे अलास्का के इस शहर में हर साल ठंड के दिनों में यह घटना पृथ्वी की धुरी के झुकाव के चलते होती है। यह ऐसा झुकाव बनाता है कि सूर्य की कोई भी बिंब क्षितिज के ऊपर दिखाई नहीं देती है। वहीं गर्मी के दिनों में उट्क्वियाग्विक में ठीक उल्टा होता है। गर्मी के मौसम में वहां 24 घंटे तक दिन ही होता है। उस प्राकृतिक घटना को ‘ध्रुवीय दिन’ कहा जाता है।