यूपी: ब्यूटी पॉर्लर में तैयार हो रही थी दुल्हन, दूल्हे का मैसेज आया तो टूट गई शादी

    Loading

    उत्तर प्रदेश. कानपुर चौंका देने वाला मामला सामने आया है। वर पक्ष ने शादी से पहले ऐन वक्त पर बारात लाने से इनकार कर दिया। जयमाला से पहले ब्यूटी पार्लर में तैयार हो रही दुल्हन के मोबाइल पर एक मैसेज आता है, जिसे पढ़कर सभी के होश उड़ गए। यह मैसेज दूल्हे का था, जिसमें लिखा था कि शादी कैंसिल हो गई है। अब वे बरात लेकर नहीं आ रहे हैं। लड़की के घरवालों ने पनकी पुलिस को सूचना दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।

    बता दें कि, पनकी के गंगागंज निवासी प्राइवेट कर्मी की बेटी की शादी सनिगवां निवासी राजकुमार सिंह के बेटे क्रांति सिंह से तय हुई थी। पिता ने बताया कि बेटी उन्नाव स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत है, जबकि क्रांति सिंह सरकारी शिक्षक है। उन्होंने आगे बताया कि, 19 अप्रैल को बेटी की सगाई में लड़के वालों को चार लाख रुपये नगद, हजारों के कपड़े और अन्य उपहार दिए थे। 28 अप्रैल को शादी थी। दहेज में देने के लिए एक कार भी ली थी, लेकिन लड़के वाले स्कॉर्पियो की मांग कर रहे थे। उसी दिन शाम छह बजे लड़के ने उन्हें फोन कर अतिरिक्त दहेज की मांग की। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर लड़के वालों ने शादी से इनकार कर दिया। जब पुलिस से शिकायत करने की बात की तो परिवार वालों को जान से मारने की धमकी भी दी।

    पनकी एसओ अतुल कुमार सिंह ने जानकारी दी कि, क्रांति सिंह, उसके पिता राजकुमार सिंह, मां, भाई, बहन और बहनोई के खिलाफ दहेज प्रथा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच जारी है।

    दुल्हन पुष्पलता ने कहा कि अब वो इस लड़के से शादी नहीं करेगी। इस तरह शादी कैंसिल होने से समाज में बहुत बेइज्जती हुई है। शादी में 30 लाख का खर्चा किया गया है, 12 लाख रुपये की गाड़ी खरीदी गई थी, लेकिन दहेज लोभी लड़के वाले इससे खुश नहीं थे। लड़के पक्ष को सजा जरूर मिलनी चाहिए, वे लड़के और उसके घरवालों को सजा दिलवाकर रहेगी।