Image: PA MEDIA
Image: PA MEDIA

    Loading

    नई दिल्ली: ऐसा बहुत बार सुनने मिलता है जब लोगों की किस्मत अचानक बदल जाती है। जहां राजा को रंक और रंक को राजा बनने में समय नहीं लगता है। कभी-कभार लोगों को खुदाई करते समय कुछ ऐसा मिल जाता है, जिससे उनकी किस्मत बदल जाती है। वे रातों-रात करोड़पति बन जाते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ है ब्रिटेन (Britain) में, जहां एक शख्स को खुदाई करते समय एक ऐसा सिक्का (Rare Coin) मिला है जो बेहद ही दुर्लभ है, जिसकी कीमत करोड़ों में आंकी गई है। 

    यह दुर्लभ सिक्का ब्रिटेन स्थित विल्टशायर और हैम्पशायर बॉर्डर पर वेस्ट डीन में मेटल डिटेक्टर की मदद से मिला है। जानकारी के अनुसार, यह सिक्का 30 पेंस का है। लेकिन इसकी कीमत करोड़ों में हो सकती है। दरअसल, ‘द इंडिपेंडेंट’ की एक रिपोर्ट की मानें तो, यह सिक्का पिछले साल मार्च में खोजा गया था। जिसकी नीलामी की जाए तो यह लगभग 200,000 पाउंड यानी करीब दो करोड़ रुपए में बिक सकता है। इस सिक्के का वजन 4.82 ग्राम है। 

    रिपोर्ट के अनुसार, यह सिक्का वेस्ट सैक्सन के राजा एक्गबर्ट के समय का है, जो उस समय रेत में फंस गया था। इसकी दिलचस्प बात ये है कि सिक्के को खोजने वाला शख्स पिछले 8 साल से खजाने की तलाश कर रहा था। एक दिन अचानक मेटल डिटेक्टर के साथ घूमते हुए उसे एक जगह पर मेटल डिटेक्टर में इंडिकेटर की आवाज सुनाई दी। जहां से उसे यह सिक्का मिला। कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जून 2021 में सिक्के की जांच की गई थी, जिसमें पाया गया कि यह ‘शुद्ध सोने’ से बना है। वहीं इसमें बेहद कम मात्रा में चांदी और तांबा मिलाया गया है। अब इस सिक्के की नीलामी 8 सितंबर को होनी है।