Pentagon Shooting
AP/PTI Photo

    Loading

    वाशिंगटन. अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन (US Defense Department Headquarters Pentagon) के पास पेंटागन ट्रांजिट स्टेशन के बाहर मंगलवार सुबह हुई गोलीबारी (Shooting) में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई है। वहीं इस हिंसा में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने मार गिराया है। यह जानकारी कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने दी।

    जानकारी के अनुसार पुलिस अधिकारी को हमलावरों ने चाकू मारा जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं घटनास्थल पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने एक संदिग्ध को मार गिराया है।

    अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के पास पेंटागन ट्रांजिट स्टेशन के बाहर गोलीबारी होने के बाद कुछ समय के लिए लॉकडाउन (Lockdown) लगाया गया था। वहीं हालात सही होने के बाद लॉकडाउन हटा दिया गया और लोगों को आवाजाही की अनुमति दी गई।

    इससे पहले पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन एजेंसी ने कहा था कि, पेंटागन ट्रांजिट सेंटर में एक घटना के कारण पेंटागन में लॉकडाउन लगा दिया गया है। कुछ देर बाद एजेंसी ने कहा कि घटना स्थल सुरक्षित है। यह अभी भी एक सक्रिय अपराध स्थल है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि मेट्रो रेल प्रवेश द्वार और बस प्लेटफार्म क्षेत्र से दूर रहें। पेंटागन में परिवहन को पेंटागन सिटी की ओर मोड़ दिया गया है।

    वहीं लॉकडाउन हटने से पहले पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन एजेंसी के प्रवक्ता क्रिस लेमैन ने बताया था कि इलाका सुरक्षित नहीं है। इसके साथ ही लोगों से इस इलाके से दूर रहने की अपील भी की गई थी।

    पेंटागन प्रोटेक्शन फोर्स एजेंसी ने ट्वीट कर बताया कि यह घटना मेट्रो बस प्लेटफॉर्म पर हुई जो कि पेंटागन ट्रांजिट सेंटर का हिस्सा है। यह स्थान वर्जिनिया के आर्लिंगटन काउंटी में है जो पेंटागन मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित है। एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के एक पत्रकार ने कई बार गोलियों की आवाज सुनी थी।