यरुशलम: इजराइल (Israel) और मिस्र (Egypt) के अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय शांतिदूतों (International Peacekeepers) का एक हेलीकॉप्टर (Helicopter) मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप में दुर्घटनाग्रस्त (Crash) हो गया। हादसे में सात शांतिदूतों की मौत हुई है।
इजराइली अधिकारी ने बताया कि सिनाई में बृहस्पतिवार को हुए हादसे में मारे गए शांतिदूतों में पांच अमेरिकी (American) हैं। मिस्र के अधिकारियों ने बताया कि ऐसा लगता है कि तकनीकी कारणों से दुर्घटना हुई है।
हेलीकॉप्टर बहुराष्ट्रीय बल ‘एमएफओ’ (MFO) का था जो इजराइल-मिस्र शांति समझौते की निगरानी करता है। दोनों देशों के अधिकारियों ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर यह जानकारी दी। दोनों को इस मामले में मीडिया से बात करने का अधिकार नहीं है। (एजेंसी)