द.अफ्रीका की अर्थव्यवस्था में आएगी 90 साल की सबसे बड़ी गिरावट : वित्त मंत्री

Loading

जोहानिसबर्ग. कोविड-19 संकट की वजह से दक्षिण अफ्रीका की अर्थव्यवस्था में इस साल 7.2 प्रतिशत की गिरावट आने की आशंका है। दक्षिण अफ्रीका के वित्त मंत्री टीटो म्बोवेनी ने विशेष बजट पेश करते हुए संसद को यह जानकारी दी। उन्होंने बुधवार को कहा, ‘‘यह करीब 90 साल की सबसे बड़ी गिरावट होगी। जिंसों के दाम बढ़े हैं, लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से कुछ भरपाई हुई। लेकिन निर्यात पर निर्भर छोटी खुली अर्थव्यवस्था वैश्विक मांग में गिरावट और आर्थिक गतिविधियों पर अंकुश से बुरी तरह प्रभावित हुई है।”

उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी कमजोरी कर्ज का बोझ है। वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘हमारे ऊपर कर्ज का बोझ काफी अधिक हो गया है। इस संकट से यह और बढ़ेगा। इस साल हम कर के रूप में जितने रैंड का भुगतान करेंगे, 21 प्रतिशत हमारे पुराने कर्जों का ब्याज होगा।” उन्होंने कहा कि कर्ज के ऊंचे बोझ की वजह से ब्याज दरें ऊंची होंगी। यदि हम कर्ज कम करने में सफल रहते हैं, तो ब्याज दरें नीचे आएंगी। इससे निवेश और वृद्धि को प्रोत्साहन मिलेगा।(एजेंसी)