लड़की कर रही थी चाकू से हमले का प्रयास, पुलिस की गोली से हुई मौत

    Loading

    कोलंबस (अमेरिका). अमेरिका के कोलंबस (Columbus) में मंगलवार को पुलिस की गोली लगने से एक किशोरी (Teenage Girl) की मौत हो गयी। यह घटना उस वक्त हुई जब जॉर्ज फ्लॉयड (George Floyd) मामले में फैसला सुनाया जा रहा था। ‘कोलंबस डिस्पैच’ की खबर के अनुसार ओहायो आपराधिक जांच ब्यूरो मंगलवार रात शहर के दक्षिण पूर्व छोर पर स्थित घटनास्थल पर मौजूद था। अखबार के अनुसार अधिकारियों को फोन पर चाकू घोंपने की घटना की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शाम करीब पौने पांच बजे लड़की को गोली मारी।

    डिस्पैच के अनुसार फोन करने वाले ने बताया था कि एक महिला उसे चाकू घोंपने का प्रयास कर रही थी। अखबार की खबर के अनुसार लड़की को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना में कोई अन्य घायल नहीं हुआ। कोलंबस के महापौर एंड्रयू गिंथर (Andrew Gunther) ने ट्वीट किया, ‘‘आज दोपहर पुलिस की गोली लगने से एक लड़की मारी गयी। हम घटना के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं। हमलोग बॉडी कैमरा फुटेज की जल्द से जल्द समीक्षा करने का काम कर रहे हैं।” पुलिस और घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी। (एजेंसी)