cyclone-yasa
File Photo

Loading

सुवा (फिजी). फिजी (Fiji) में शक्तिशाली चक्रवात (Cyclone) के कारण दो लोगों की मौत (Death) हो गई और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। चक्रवात ‘यासा’ (Cyclone Yasa) जिन-जिन इलाकों से होकर गुजरा वहां लोग दहशत में रहे, लेकिन देश के बाकी हिस्सों में इसका उतना असर नहीं दिखा जैसा कि अनुमान लगाया गया था। देश के आपदा प्रबंधन कार्यालय की निदेशक वसीती सोको ने संवाददाताओं को बताया कि चक्रवात के दौरान 345 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं।

उन्होंने बताया, ‘‘आगामी दिनों में हम क्षति का आकलन करना जारी रखेंगे। लेकिन हमें आशंका है कि लाखों डॉलर का नुकसान हुआ है।” सोको ने कहा कि मृतकों के बारे में आगे विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ‘एफबीसी’ न्यूज के मुताबिक वनुआ लेवु द्वीप पर लवलव नगर में 46 वर्षीय किसान रमेश चंद की चक्रवात के दौरान मौत हो गई। मकान का एक हिस्सा ढह जाने के कारण चंद मलबे में दब गए थे। घटना में परिवार के अन्य लोग भी घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात शुक्रवार को कमजोर हो गया और यह फिजी के दक्षिण पूर्व की ओर बढ़ गया है। हालांकि कई इलाकों में बारिश के कारण जलजमाव की आशंका है। ‘फिजी टाइम्स’ के मुताबिक तिलिवा गांव में 20 मकान और एक सामुदायिक केंद्र क्षतिग्रस्त हो गए। अन्य गांवों में भी मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। चक्रवात से पहले अधिकारियों ने देश में रातभर कर्फ्यू लगाया था और इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया था।