Earthquake
File Pic

Loading

टोक्यो: जापान की राजधानी तोक्यो (Japan’s capital Tokyo) तथा आसपास के इलाकों में बृहस्पतिवार को भूकंप (Earthquake) के झटके महसूस किए गए, जिसमें कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों और मीडिया ने यह जानकारी दी। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी (Japan Meteorological Agency) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गयी और इसका केंद्र चीबा प्रांत में था। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है। 

जापान की क्योदो समाचार एजेंसी के अनुसार, भूकंप के कारण चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति छत पर लगी लाइट गिरने से घायल हो गया। कुछ रेल सेवाओं को भी रद्द किया गया या वे विलंब से चल रही हैं। बता दें कि जापान में भूकंप अक्सर आते रहते हैं। जापान एक ऐसा देश है जहां भूकंप से भारी तबाही आती रहती है। यहां पूरा का पूरा शहर भूकंप की चपेट में आकर नष्ट हो जाता है। फ़िलहाल जापान सरकार इससे निपने का रास्ता जानती है।  

जापान भूकंप के लिहाज से दुनिया के सबसे संवेदनशील देशों में से एक है और देश में 2011 में भूकंप तथा उसके बाद आयी सुनामी में हजारों लोगों की मौत हो गयी थी। इसकी वजह से फुकुशिमा परमाणु संयंत्र को भी नुकसान पहुंचा था। बता दें कि  इसी साल तुर्की में भीषण भूकंप आया था। जिसमें हजारों की संख्या में लोग मारे गए थे। लाखों लोग घायल हो गए थे। हजारों इमारतें पलभर में मलबा बन गईं थी। भारत समेत कई देश मदद के लिए आगे आये थे। इस आपदा से अभी तक तुर्की उबर नहीं पाया है।