पति को वापस बुलाने के लिए पत्नी के चीन छोड़ने पर लगाया गया प्रतिबंध, जानें क्या है माजरा

    Loading

    हांगकांग: चीन की पुलिस ने एक व्यक्ति पर चीन लौटने का दबाव बनाने के लिए उसकी पत्नी को फ्लोरिडा स्थित उनके घर लौटने से रोक दिया है। उसने एक पत्र में यह बात लिखी जिसे उसे पति ने सार्वजनिक किया है।  यह चीन के अधिकारियों द्वारा किसी व्यक्ति को वापस बुलाने के लिए उसके रिश्तेदारों पर ‘‘निकास प्रतिबंध” (देश छोड़ने पर प्रतिबंध) लगाने का नवीनतम मामला प्रतीत होता है।

    अधिकारियों से एक अपील में फैंग शी (51) ने कहा कि पुलिस ने उसे बताया कि वह ‘‘निर्दोष” है, लेकिन वह तब तक वापस अपने घर नहीं जा सकती जब तक कि उसका पति वापस चीन न लौट आए। उनका पति राजनीतिक कारणों से अपनी किताबों की दुकान बंद कर चीन छोड़कर चला गया था। 

    महिला के पति मियाओ यू ने कहा कि फैंग शी को पिछले साल अगस्त में शंघाई में एक विमान में चढ़ने से रोक दिया गया और तब से वह चीन से नहीं निकल पाई है। यू ने सुरक्षा कारण के चलते अपनी पत्नी का पता नहीं बताया।

    हालांकि, उन्होंने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ के पत्रकार से फोन पर उनकी बात करवाई, जिसमें महिला ने पत्र लिखने की पुष्टि की, लेकिन आगे कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ‘शंघाई पब्लिक सिक्योरिटी ब्यूरो’ ने उसे सोमवार को किए फैक्स पर पूछे गए सवालों का अभी तक कोई जवाब नहीं दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।(एजेंसी)