shinzo abe and Joe Biden

    Loading

    वाशिंगटन. जापान (Japan) के सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली नेताओं में शुमार पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे (Shinzo Abe) की शुक्रवार को एक चुनावी सभा के दौरान भाषण देते समय गोली मारकर हत्या (Shot Dead) कर दी गई। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने शिंजो आबे के निधन पर शोक व्यक्त किया।

    जो बाइडेन ने शिंजो आबे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, “मैं इस खबर से स्तब्ध, आक्रोशित और गहरा दुखी हूं कि मेरे दोस्त अबे शिंजो, जापान के पूर्व पीएम की चुनाव प्रचार के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। दुख की इस घड़ी में अमेरिका जापान के साथ खड़ा है।”

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “यह जापान के लिए और उन्हें जानने वाले सभी लोगों के लिए एक त्रासदी है। मुझे पीएम आबे के साथ मिलकर काम करने का सौभाग्य मिला। वह हमारे राष्ट्रों के बीच गठबंधन और हमारे लोगों के बीच दोस्ती के चैंपियन थे। सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले जापानी पीएम, एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक का उनका दृष्टिकोण कायम रहेगा।”

    बाइडेन ने आगे कहा कि, “उन्होंने जापानी लोगों की बहुत परवाह की और उनकी सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। हालांकि ऐसे कई विवरण हैं जिन्हें हम अभी तक नहीं जानते हैं, हम जानते हैं कि हिंसक हमले कभी भी स्वीकार्य नहीं होते हैं और बंदूक हिंसा हमेशा इससे प्रभावित समुदायों पर गहरा निशान छोड़ती है।

    उल्लेखनीय है कि, दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है, जहां बंदूक नियंत्रण संबंधी कड़े कानून हैं। अधिकारियों ने बताया कि आबे (67) को देश के पश्चिमी हिस्से के नारा में भाषण शुरू करने के कुछ मिनटों बाद हमलावर ने पीछे से गोली मार दी। आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी सांस नहीं चल रही थी और उनकी हृदय गति रुक गयी थी। ‘ब्लड ट्रांसफ्यूजन’ समेत आपात उपचार के प्रयास के बाद अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी के आपातकालीन विभाग के प्रमुख हिदेतादा फुकुशिमा ने कहा कि हमले में आबे के दिल को बड़ा नुकसान हुआ, साथ ही गर्दन में जख्म के दो निशान बन गए। धमनी क्षतिग्रस्त हो जाने से काफी रक्तस्राव हुआ। फुकुशिमा ने कहा कि जब आबे को अस्पताल लाया गया तो उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और उनके महत्वपूर्ण अंग फिर से सक्रिय नहीं हो पाए। पुलिस ने घटनास्थल पर ही संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। (एजेंसी इनपुट के साथ)