जानें क्यों मनाया जाता है अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस, इसका महत्व और इतिहास

    Loading

    नई दिल्ली : हर साल 15 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस (International Democracy Day) पूरी दुनिया में मनाया जाता है। लोकतंत्र एक ऐसी शक्ति है जो किसी भी देश की व्यवस्था को बदल सकती है। हम सब के लिए लोकतंत्र बेहद महत्वपूर्ण है। सरल शब्द में लोकतंत्र की परिभाषा यह है कि जनता की मर्जी से जनता द्वारा जनता के लिए चुनी गई सरकार। तो अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर जानते है इससे जुड़ी कुछ खास बातें…. 

    अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस मनाने का उद्देश्य 

    जिस किसी भी दिन को हम विशेष रूप से मनाते है, तो उसके पीछे एक खास मकसद होता है। लोकतंत्र का मतलब यहां न कोई राजा है और न कोई तानाशाह है। यहां सरकार जनता द्वारा चुनी जाती है। अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस का मुख्य उद्देश्य बेहतर जीवन और सुशासन पद्धति को पूरी दुनिया तक पहुंचाना है। 

    विश्व भर में महासत्ता कहे जाने वाले अमेरिका में लोकतंत्र की प्रणाली है।  इस देश में जनता एक एलेक्ट्रोल के जरिए अपने देश के राष्ट्रपति को चुनती है। आपको बता दें कि हमारे भारत का लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां एक साथ 60 करोड़ वोटर अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करके देश की सरकार को चुनते है।

    अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस का महत्व

    अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस का महत्व लोगों को लोकतंत्र में भाग लेने का अवसर प्रदान करना है। सरकार से लोगों के अधिकारों का सम्मान करने का आग्रह करना है। लोकतंत्र का सतत विकास महत्वपूर्ण है जो नागरिकों और सरकार द्वारा शांतिपूर्ण भविष्य के लिए किया जाना चाहिए।

    अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस का इतिहास

    संयुक्त राष्ट्र महासभा ने साल 2007 में 15 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र का मानना है कि लोकतांत्रिक समाजों में इंसानों के अधिकारों और कानून के शासन की हमेशा रक्षा की जाती है।

    पहली बार अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस साल 2008 में मनाया गया। 15 सितंबर 2008 को लोकतंत्र के पहले अंतर्राष्ट्रीय दिवस को चिह्नित करने के लिए, IPU (इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन) जिनेवा में संसद के सदन में एक विशेष आयोजन किया गया था। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य पूरे विश्व में लोकतंत्र को बढ़ावा देना है।  

    इस तरह मनाते है अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस

    अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के दिन बहुत से लोग और संगठन लोकतंत्र के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। इस आयोजन में सम्मेलन, वाद-विवाद, चर्चाओं आदि जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में, अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस मनाने के लिए बड़े आयोजन किया जाता है।