Microsoft's Redmond Ganesh Utsav Celebration, People Refers Idol as 'Redmond Raja'

Loading

वाशिंगटन: भारतीय-अमेरिकियों ने विश्व की अग्रणी सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के मुख्यालय रेडमंड (Redmond) में गणेशोत्सव (Ganesh Utsav) मनाया और इस दौरान भगवान गणेश की 15 फुट की मूर्ति की पूजा-अर्चना की।

इस मूर्ति को भक्तों ने ‘रेडमंड राजा’ (Redmond Raja) नाम दिया है। इस कार्यक्रम में लगभग 20,000 भारतीय-अमेरिकी शामिल हुए। यह मूर्ति रेडमंड के पार्क के बीचों-बीच एक भव्य मंच पर स्थापित की गई। इस मंच की साज-सज्जा किसी भारतीय महल की याद दिलाती है।  

इस मौके पर स्थानीय संगीतकारों के समूह ‘बीट्स ऑफ रेडमंड’ (Beats of Redmond) के 150 से अधिक कलाकारों ने ढोल-ताशा बजाकर गणपति की पूजा-अर्चना की। ‘बीट्स ऑफ रेडमंड’ 2019 से सिएटल (Seattle) के इस उपनगर में वार्षिक उत्सव का आयोजन कर रहा है। इस समूह की स्थापना दीपाली साने और आनंद यशवंत साने से की थी।  

भगवान गणेश की इस मूर्ति को कुशल कारीगर सुशांत ने भारत के मुंबई में बनाया और वहां से इसे रेडमंड लाया गया। मूर्ति को 40 फुट के भव्य मंच पर स्थापित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने प्रसाद के रूप में 12,000 से अधिक लड्डू और 1,000 फल वितरित किए। इस उत्सव में कई स्थानीय नेता भी शामिल हुए।  

सैन फ्रांसिस्को (San Francisco) में भारत के महावाणिज्यदूत के. श्रीकर रेड्डी (K Srikar Reddy) ने भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार और सामुदायिक एकता को बढ़ावा देने में इस त्योहार के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने यह ‘‘यादगार” कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ‘बीट्स ऑफ रेडमंड’ की सराहना की।

एक मीडिया विज्ञप्ति में बताया गया कि रेड्डी ने सिएटल महानगरीय क्षेत्र में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोले जाने की भी घोषणा की। (एजेंसी)