Russia's big claim about attacks on Ukraine, so far 500 missiles have been fired by Russian army
File:Twitter

    Loading

    नई दिल्ली: रूसी सेना (Russian Army) यूक्रेन (Ukraine) पर हमला (Russia-Ukraine War) जारी है। शुक्रवार को यूक्रेन के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र पर रूसी सेनाओं ने कब्जा कर लिया। खबर है कि, यूक्रेन के राष्ट्रपति आवास पर एक रॉकेट का टुकड़ा गिरा हुआ मिला है जिसे यूक्रेन के राष्ट्रपति पर किया गया हमला बताया जा रहा है। वहीं अमेरिका (America) के पेंटागन (Pentagon) के एक अधिकारी ने इस बीच बड़ा दावा किया है। पेंटागन ने कहा है कि, रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से अब तक रूसी सेना की तरफ से यूक्रेन पर करीब 500 मिसाइलें दागी जा चुकी हैं। 

    एएनआई के अनुसार, यूक्रेन की द कीव इंडिपेंडेंट ने पेंटागन के एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि, यूक्रेन पर आक्रमण शुरू होने के बाद से रूस ने सप्ताह में 500 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। पेंटागन के एक अधिकारी ने कहा, रूस प्रतिदिन लगभग दो दर्जन की दर से सभी प्रकार की मिसाइलों को लॉन्च कर रहा है।

    बता दें कि, यूक्रेन पर रूस के अटैक का शनिवार को दसवें दिन में प्रवेश कर गया है। इस युद्ध के शुरू होने के बाद से यूक्रेन और रूस के बीच अब तक दो बार बातचीत हो चुकी है लेकिन अब तक युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों के बीच कोई खास बात नहीं बन पाई है। 

    रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से अपील की है कि, वे उनके देश में उड़ान प्रतिबंधित क्षेत्र लागू कराएं। यह अपील यूक्रेन के परमाणु संयंत्र में रात में लगी आग के बाद की गई है। बता दें कि, यह संयंत्र यूरोप में सबसे बड़ा है।