बिज़नेस

Published: Jan 20, 2024 08:58 PM IST

EPFO New Membersभारत में रोजगार की नहीं कमी! EPFO से जुड़े 14 लाख नए सदस्य, 7 लाख से अधिक 18-25 वर्ष के युवा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

नई दिल्ली. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से नवंबर, 2023 में लगभग 14 लाख लोग जुड़े हैं। इनमें से 7 लाख से अधिक युवा हैं। श्रम और रोजगार मंत्रालय (Ministry of Labour and Employment) द्वारा शनिवार को जारी EPFO के अनंतिम पेरोल डेटा से पता चला है कि चालू वित्त वर्ष के दौरान EPFO के सदस्यों का आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में अधिक बना हुआ है।

20 जनवरी को जारी EPFO के अनंतिम पेरोल डेटा से पता चलता है कि EPFO से नवंबर 2023 में 13.95 लाख सदस्य जुड़े हैं। चालू वित्तीय वर्ष के दौरान सदस्यों का संचयी शुद्ध जोड़ पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में अधिक बना हुआ है। आंकड़ों से पता चलता है कि नवंबर, 2023 के दौरान लगभग 7.36 लाख नए सदस्यों ने नामांकन किया है। EPFO से जुड़े नए सदस्यों में 18-25 वर्ष के आयु वर्ग के लोग 57.30% हैं। इससे पता चलता है कि देश में युवाओं को नौकरियां मिल रही है। देश के संगठित क्षेत्र में युवाओं की मांग बनी हुई है। इनमें से ज्यादातर पहली बार नौकरी कर रहे हैं।

10.67 लाख सदस्य EPFO निकले बाहर

पेरोल डेटा दर्शाता है कि लगभग 10.67 लाख सदस्य EPFO से बाहर निकल गए, लेकिन वे EPFO से फिर से जुड़ गए। इन सदस्यों ने अपनी नौकरी बदल ली और EPFO के दायरे में आने वाले प्रतिष्ठानों में फिर से शामिल हो गए। इन सभी ने अंतिम निपटान के लिए आवेदन करने के बजाय अपने पैसे को स्थानांतरित करने का विकल्प चुना, जिससे उनकी सामाजिक सुरक्षा सुरक्षा बढ़ गई।

EPFO से 1.94 लाख नई महिलाएं जुड़ी

पेरोल डेटा के जेंडर विश्लेषण से पता चलता है कि नवंबर में EPFO से जुड़े 7.36 लाख नए सदस्यों में से लगभग 1.94 लाख नई महिलाएं हैं। ये सभी महिलाएं पहली बार EPFO में शामिल हुई हैं। इसके अलावा, महिला सदस्य की कुल संख्या करीब 2.80 लाख रही। ग्राहक वृद्धि में से महिला सदस्यों का प्रतिशत 20.05% रहा। यह सितंबर 2023 के बाद से सबसे अधिक है, जो संगठित क्षेत्र के कार्यबल में महिला कर्मचारियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

महाराष्ट्र में EPFO से सबसे ज्यादा लोग जुड़े

पेरोल डेटा के राज्यवार विश्लेषण से पता चलता है कि सदस्य वृद्धि 5 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, हरियाणा और दिल्ली में सबसे अधिक है। इन राज्यों में कुल सदस्य वृद्धि का लगभग 58.81% योगदान है, जिससे महीने के दौरान कुल 8.20 लाख सदस्य जुड़े। सभी राज्यों में से महाराष्ट्र में इस दौरान सबसे ज्यादा 21.60% नए सदस्य EPFO से जुड़े हैं।

एक्सपर्ट सर्विसेज में बढ़ रहे सदस्य

उद्योग वार डेटा की महीने-दर-महीने तुलना कृषि फार्मों, कॉफी बागानों, चीनी, रबर बागानों, टाइल्स आदि में लगे प्रतिष्ठानों में काम करने वाले सदस्यों में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। नए सदस्यों में से लगभग 41.94% वृद्धि एक्सपर्ट सर्विसेज (मैनपॉवर सप्लाई, नार्मल कॉन्ट्रैक्टर्स, सिक्योरिटी सर्विसेज, विविध गतिविधियां आदि) की है।