मनोरंजन

Published: Nov 13, 2021 08:10 AM IST

Kangana Ranaut Controversyभड़के भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल, बोले- ‘स्वतंत्रता संबंधी कंगना रनौत का बयान पूरी तरह गलत...’

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

BJP leader Chandrakant Patil furious, said- ‘Kangana Ranaut’s statement regarding independence is completely wrong…’: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत का यह बयान कि 1947 में भारत को मिली आजादी ‘भीख’ थी, पूरी तरह गलत है। रनौत ने हाल में एक कार्यक्रम में कहा कि भारत को असल मायने में आजादी 2014 में मिली। उनका इशारा भाजपा के केंद्र में सत्तासीन होने की ओर था। वह अपने इस बयान से आलोचनाओं से घिर गयी हैं। पाटिल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ स्वतंत्रता के लिए देश के संघर्ष पर कंगना रनौत का बयान पूरी तरह गलत है। किसी को भी स्वतंत्रता आंदोलन पर नकारात्मक टिप्पणी करने का हक नहीं है।’’

हालांकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का कहना था कि वह नहीं जानते कि किस ‘भावना’ में अभिनेत्री ने यह बयान दिया। उन्होंने दावा किया, ‘‘2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आम आदमी सच्ची आजादी का अनुभव कर रहा है। अब देश में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसे रोज दो वक्त का खाना नसीब नहीं होता हो। केंद्र सरकार 105 रूपये में गरीबों को 35 किलोग्राम खाद्यान्न दे रही है।’’

पाटिल ने कहा कि रनौत प्रधानमंत्री मोदी के सात साल के कामकाज की तारीफ कर सकती हैं लेकिन उन्हें स्वतंत्रता आंदोलन की आलोचना करने का अधिकार नहीं है।