सेलिब्रिटी

Published: Apr 20, 2023 06:20 PM IST

Complaint Against Yo Yo Honey Singhहनी सिंह के खिलाफ इवेंट मैनेजर से मारपीट का मामला दर्ज

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह एक बार फिर बुरी तरह फंसते नजर आ रहे हैं। एक इवेंट एजेंसी के मालिक ने हनी सिंह और उनके क्रू पर किडनैपिंग और मारपीट का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता विवेक रवि रमन के मुताबिक पिछले 15 अप्रैल को एमएमआरडीए बीकेसी ग्राउंड पर इवेंट के कैंसिल होने के चलते उनका हनी सिंह से विवाद चल रहा था। जिसको लेकर हनी सिंह और उनके क्रू मेंबर्स ने उन्हें किडनैप कर लिया और उनके साथ मारपीट की। शिकायत मिलने के बाद मुंबई पुलिस आरोपों की छानबीन कर रही है।

शो कैंसल होने से नाराज थे हनी सिंह

रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता रमन ने यो यो हनी सिंह 3.0 नाम के एक म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन किया था। रमन का कहना है कि इवेंट के दिन वो वेन्यू पर गए थे और पेमेंट नहीं करने को लेकर कुछ वेंडर्स से उनकी बहस हुई थी। दरअसल रमन के पार्टनर ने उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया, जिसकी वजह से उन्हें ये शो कैंसल करने के लिए मजबूर होना पड़ा। जिससे नाराज हनी सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की।

हनी सिंह और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज

रमन ने इस मामले में हनी सिंह के अलावा उनके क्रू मेंबर्स रोहित छाबड़ा, अक्षत जायसवाल, राहुल जायसवाल, इंदरजीत सुनील, निखिल, अरविंदर क्लर, अरुण कुमार और अक्षय मेहरा पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। रमन के मुताबिक उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा कर शहर के बाहर ले जाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।