देश

Published: Jun 23, 2023 12:52 AM IST

Assam Floodsअसम में कुदरत का कहर! भारी बारिश के चलते भूस्खलन, बाढ़ से करीब 5 लाख लोग प्रभावित, एक की मौत, 1366 गांव पानी में डूबे

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
PTI Photo

गुवाहाटी. असम (Assam) में गुरुवार को बाढ़ (Floods) की स्थिति गंभीर बनी रही। राज्य में भारी बारिश होने से कई इलाके भी जलमग्न हो गए हैं। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि, 12 जिलों में करीब पांच लाख लोग प्रभावित हैं। कुछ गावों में भूस्खलन हो गया है। बाढ़ के चलते लगभग 3.5 लाख जानवर प्रभावित हुए हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, उदलगुरी जिले के तामुलपुर में बाढ़ के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस साल बाढ़ के कारण मौत का यह पहला मामला है।

ASDMA की रिपोर्ट के मुताबिक बक्सा, बारपेटा, चिरांग, दरांग, धुबरी, डिब्रूगढ़, कामरूप, कोकराझार, लखीमपुर, नलबाड़ी, सोनितपुर और उदलगुरी जिलों में बाढ़ के कारण 4,95,700 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसमें 3,25,600 से अधिक लोग अकेले बारपेटा के है, जो बुरी तरह प्रभावित है। इसके बाद नलबाड़ी में 77,700 से अधिक लोग और लखीमपुर में लगभग 25,700 लोग प्रभावित हुए हैं।

बता दें कि बुधवार तक राज्य के 10 जिलों में करीब 1.2 लाख लोग बाढ़ से पीड़ित थे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और अगले कुछ दिनों तक असम के कई जिलों में ‘अत्यंत भारी’ से ‘अत्यधिक भारी’ बारिश का अनुमान जताया है।

प्रशासन सात जिलों में 83 राहत शिविर चला रहा है, जहां 14,035 लोगों ने शरण ली है और आठ जिलों में 79 राहत वितरण केंद्र चला रहा है। अर्धसैनिक बलों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं (F&ES), सिविल प्रशासन, गैर सरकारी संगठनों और स्थानीय लोगों ने विभिन्न स्थानों से 561 लोगों को बचाया है।

प्रशासन ने पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ़ पीड़ितों के बीच 1,265 क्विंटल चावल, दाल, नमक और 5,269.80 लीटर सरसों तेल का वितरण किया है। ASDMA ने कहा कि वर्तमान में 1,366 गांव पानी में डूबे हुए हैं। पूरे असम में 14,091.90 हेक्टेयर फसल क्षेत्र क्षतिग्रस्त हो गया है। ASDMA ने कहा सोनितपुर, बोंगाईगांव, दरांग, धुबरी, लखीमपुर, मोरीगांव, नलबाड़ी, दक्षिण सालमारा और उदलगुरी में बड़े पैमाने पर कटाव देखा गया है।

ASDMA ने बताया कि गाईगांव और दिमा हसाओ में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। बारपेटा, सोनितपुर, दरांग, नलबाड़ी, बक्सा, चिरांग, धुबरी, कोकराझार, लखीमपुर, उदलगुरी, बोंगाईगांव, धेमाजी और डिब्रूगढ़ में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बारपेटा, दरांग, जोरहाट, कामरूप मेट्रोपॉलिटन और कोकराझार जिलों में कई स्थानों पर शहरी क्षेत्र जलमग्न हो गए।

ASDMA के मुताबिक धुबरी और नेमाटीघाट में ब्रह्मपुत्र, इसकी सहायक नदियां रोड ब्रिज पर बेकी, एनएच रोड क्रॉसिंग पर मानस, एनटी रोड क्रॉसिंग पर पगलाडिया और पुथिमारी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के कारण राज्य भर में 3,46,600 से अधिक घरेलू जानवर प्रभावित हुए हैं।