देश

Published: Nov 02, 2021 01:04 PM IST

Bengal By-poll Results 2021बंगाल उपुचनाव: सीएम ममता बनर्जी का जादू बरकरार, चारों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस को बड़ी बढ़त

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

कोलकाता: पश्चिम बंगाल (Bengal By-poll Results 2021) की चारों विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। इन सीटों के लिए हुए उपचुनाव में डाले गए मतों की गणना कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे शुरू की गई थी। खरदाह, शांतिपुर, दिनहाटा और गोसाबा विधानसभा सीटों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। चुनाव आयोग (Election Commission) के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक हुई मतगणना के बाद तृणमूल कांग्रेस सभी सीटों पर आगे चल रही है।  

कूचबिहार जिले के दिनहाटा में तृणमूल कांग्रेस के उदयन गुहा, भाजपा के अशोक मंडल से 81,460 वोट से आगे चल रहे हैं। 10 दौर की मतगणना के बाद गुहा को 96,537 और मंडल को 15,077 वोट मिले हैं। दक्षिण 24 परगना की गोसाबा विधानसभा सीट पर 14 दौर की मतगणना के बाद तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार भाजपा के उम्मीदवार से 1,24,249 मतों से आगे चल रहे हैं। तृणमूल के सुब्रत मंडल को 1,41,262 वोट और भाजपा पलाश राणा को 17,013 वोट मिले हैं।

शांतिपुर विधानसभा सीट तृणमूल कांग्रेस के ब्रज किशोर गोस्वामी, भाजपा उम्मीदवार निरंजन बिस्वास से 15,548 मतों से आगे चल रहे हैं। गोस्वामी को 34,236 और बिस्वास को 18,688 मत मिले हैं। खरदाह विधानसभा सीट, राज्य के मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय, माकपा के देवज्योति दास से काफी आगे हैं। छह दौर की मतगणना के बाद चट्टोपाध्याय को 36,439 और दास को 18,672 वोट मिले हैं।  

उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्रों के आसपास 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू करने के अलावा, वहां तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिनहाटा तथा शांतिपुर से भाजपा के विधायकों ने अपनी लोकसभा सदस्यता बरकरार रखने के लिए इस्तीफा दे दिया था, जबकि खरदाह तथा गोसाबा से तृणमूल कांग्रेस के विधायकों के निधन के बाद यह उपचुनाव कराए गए।