देश

Published: Apr 01, 2023 01:45 PM IST

Ram Navami Violenceबिहार संघर्ष: अमित शाह का सासाराम दौरा रद्द, नीतीश कुमार की आई ये प्रतिकिया

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
ANI Photo

नई दिल्ली: रामनवमी (Ram Navami) के मौके पर देश भर में राज्यों में हिंसा हुई। सबसे ज्यादा बिहार के हालात खराब बताये जा रहे हैं। बिहार (Bihar) में हुए संघर्ष को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) का सासाराम दौरा रद्द (Sasaram tour canceled) हो गया है। वह बिहार दौरे पर नहीं जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बिहार दौरा रद्द किए जाने पर बिहार CM नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि कोई भी केंद्र के मंत्री बिहार आते हैं तो उनको सुरक्षा दी जाती है। राज्य सरकार अपनी ज़िम्मेदारी निभाती है। हम इन चीजों का ध्यान रखते हैं, वे(भाजपा) लोग ध्यान न रखें वो अलग बात है।  

रामनवमी के दौरान सासाराम और नालंदा में हिंसा की घटनाओं पर बिहार CM नीतीश कुमार ने पटना में कहा कि दुख की बात है। हमें कल जैसे ही पता चला अलर्ट होकर तेजी से काम किया गया। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये किसी ने जानबूझकर किया है, हमने कहा है कि इस बारे में पता लगाया जाए। 

नीतीश कुमार ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने अधिकारियों से कहा है कि इन घटनाओं में शामिल लोगों की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करें। यह स्वाभाविक नहीं है। निश्चित रूप से किसी ने यहां वहां कुछ अप्राकृतिक किया होगा।  

बिहार के नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र में कल हुई 2 गुटों में झड़प के चलते धारा-144 लागू है। मोहम्मद नौशाद आलम नामक एक दुकानदार ने बताया कि हमारे साथ बहुत अन्याय हुआ है। कुछ उपद्रवियों ने मेरी दुकान से सामान लूटा है। कुछ स्थानीय उपद्रवी हैं, मैंने उन्हें चिन्हित किया हुआ है। पुलिस ने बताया कि लोग मूर्ति विसर्जन करके लौट रहे थे। लौटते समय हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच कुछ विवाद हुआ है जिसमें हलकी झड़प हुई थी। अभी स्थिति काबू में है। यहां थाने की फोर्स और पीस कमेटी के लोग मौजूद है।