देश

Published: Feb 10, 2024 08:14 PM IST

Bihar Politics फ्लोर टेस्ट से पहले बिहार में सियासी हलचल तेज; तेजस्वी यादव के आवास पहुंच रहे सभी RJD विधायक

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

पटना: बिहार में 12 फरवरी को एनडीए सरकार का फ्लोर टेस्ट (Floor Test) होने वाला है। इससे पहले प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने अपने पार्टी के सभी विधायकों को तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) के सरकारी आवास पर रोका हुआ है। बताया जा रहा है कि ये सभी विधायक अगले दो दिन तक यहीं रहेंगे और उनके रुकने की व्यवस्था भी की जा रही है। 

बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में राजद के सबसे अधिक 79 विधायक हैं। झा ने देर शाम यह बयान तब दिया जब पार्टी के विधायक उपमुख्यमंत्री रहते यादव को आवंटित सरकारी बंगले ‘5, देशरत्न मार्ग’ पर पहुंचे थे। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के पाला बदलकर राजग के साथ जाने के बाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद गंवा दिया है। 

राज्यसभा सदस्य झा ने कहा, “न केवल हमारी पार्टी के विधायकों ने, बल्कि हमारे गठबंधन सहयोगियों ने भी 12 फरवरी तक तेजस्वी यादव के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की है। हमारे लिए यह सिर्फ एक तारीख है, लेकिन यह निश्चित रूप से उन लोगों के लिए बहुत चिंताजनक है, जिन्होंने चुपके से सत्ता हथिया ली है।”  

विधायक दोपहर में यादव के घर पहुंचना शुरू हो गए थे, जहां बजट सत्र से पहले यादव ने दोपहर भोज का आयोजन किया था। शाम तक आगंतुक बंगले के अंदर थे, जिसके चारों ओर अतिरिक्त बैरिकेड्स लगाए जाने व कई विधायकों के निजी कर्मचारियों को दवाएं तथा अन्य सामान ले जाते हुए देखकर पत्रकारों के बीच हलचल तेज हो गई।  पत्रकारों ने कहा कि सूत्रों ने उन्हें बताया था कि एक बैठक आयोजित की गई है जो काफी देर तक चलेगी। जैसे ही यह खबर फैली भाजपा व जदयू के नेताओं ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि राजद विश्वास मत से पहले टूट के डर से विधायकों को “नजरबंद” कर रही है।