देश

Published: Mar 12, 2024 12:21 AM IST

Lok Sabha Elections 2024आंध्र प्रदेश में सीट शेयरिंग का फार्मूला तय, BJP 6 और TDP 17 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली. देश में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) की घोषणा कभी भी हो सकती है। जिसके लिए सभी राजनितिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इस बीच आंध्र प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और पवन कल्याण की पार्टी जन सेना (JSP) के बीच लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग का फार्मूला तय हो गया है।

आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी 17 लोकसभा और 144 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि, भाजपा 6 लोकसभा और 10 विधानसभा सीट और जन सेना 2 लोकसभा और 21 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

गौरतलब है कि तेलुगु देशम पार्टी और जन सेना पार्टी शनिवार को एनडीए में शामिल हो गई है। तीनों दलों ने आगामी लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा का चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, TDP अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू और जनसेना पार्टी (जेएसपी) के अध्यक्ष पवन कल्याण ने संयुक्त बयान में कहा, “हमें उम्मीद है कि गठबंधन आंध्र प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और जनता का पूरा समर्थन मिलेगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवंत और दूरदर्शी नेतृत्व में, तीनों दलों ने आगामी लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा का चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया है क्योंकि वे देश की प्रगति और राज्य के लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले 10 वर्षों से देश के विकास और प्रगति के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और TDP एवं जनसेना पार्टी के साथ भाजपा के आने से आंध्र प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

बयान में कहा गया, “भाजपा और TDP का रिश्ता बहुत पुराना है। तेदेपा 1996 में राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) में शामिल हुई और अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकारों में सफलतापूर्वक साथ काम किया।”

गौरतलब है कि TDP और भाजपा ने 2014 का लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव साथ लड़ा था, जबकि जनसेना पार्टी ने 2014 के आम चुनाव और राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था।