देश

Published: Dec 11, 2022 10:46 AM IST

Sukhwinder Singh Sukhuसुखविंदर सिंह सुक्खू ने की प्रतिभा वीरभद्र सिंह से मुलाकात, शपथ ग्रहण समारोह में किया आमंत्रित

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
PIC: ANI/Twitter

शिमला: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में आज सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले हैं। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) मौजूद रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह (Pratibha Virbhadra Singh) से उनके आवास पर मुलाकात की। 

इस दौरान हिमाचल प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, ‘प्रतिभा वीरभद्र सिंह पार्टी की राज्य प्रमुख हैं और हम सभी उनके अधीन काम करते हैं। मैं यहां उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित करने आया हूं।’

वहीं, प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने कहा, ‘मैं उनके शपथ ग्रहण समारोह में क्यों नहीं शामिल होऊंगी? बिल्कुल, मैं जाऊंगी। हिमाचल प्रदेश के आज मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ रहना मेरा प्रमुख कर्तव्य है।’

ज्ञात हो कि, हिमाचल प्रदेश में 6 बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के परिवार को दरकिनार करते हुए कांग्रेस पार्टी ने सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भरोसा जताया है। वहीं, इस घोषणा से पहले वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह की तरफ से कई बयान भी सामने आए थे। 

शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री भी हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। बता दें कि, हिमाचल प्रदेश के नए सीएम बनने जा रहे सुखविंदर सिंह सुक्खू को गांधी परिवार का वफादार माना जाता है। वह लंबे समय से हिमाचल कांग्रेस में सक्रिय रहे हैं।