देश

Published: Feb 01, 2024 06:41 PM IST

Jharkhand Political Crisisराज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे JMM नेता चंपई सोरेन, पेश किया सरकार बनाने का दावा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन

रांची: झारखंड में राजनीतिक संकट के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) विधायक दल के नेता चंपई सोरेन (Champai Soren) गुरुवार को राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन (C.P. Radhakrishnan) से मिलने राजभवन पहुंचे। सोरेन के साथ कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक सत्यानंद भोक्ता, भाकपा (माले) एल के विधायक विनोद सिंह और विधायक प्रदीप यादव भी थे।

सिंह ने राजभवन में प्रवेश करने से पहले कहा, ‘‘राज्यपाल से सरकार बनाने के हमारे दावे को जल्द से जल्द स्वीकार करने का अनुरोध करेंगे।” झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 43 विधायकों के समर्थन वाला वीडियो जारी किया है। 

राज्यपाल से मुलाकात के बाद झामुमो विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने कहा कि राज्यपाल ने सरकार बनाने के हमारे अनुरोध पर जल्द ही निर्णय लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हम एकजुट हैं। सभी 43 विधायक सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं।

इससे पहले राज्यपाल ने राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को शाम साढ़े पांच बजे मिलने का समय दिया था। हेमंत सोरेन को बुधवार रात यहां धनशोधन मामले में सात घंटे की पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद चंपई सोरेन झामुमो विधायक दल के नेता चुने गए थे।