रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार देर रात को भूमि सौदे से जुड़े धनशोधन मामले मे गिरफ्तार किया है। वहीं जांच एजेंसी ने गुरुवार को सोरेन को पीएमएलए अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत मे भेज दिया है।
वकील मनीष सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 10 दिन की रिमांड की मांग की गई थी, लेकिन आदेश सुरक्षित रख लिया गया है और अगली सुनवाई कल होगी।
#WATCH | Former Jharkhand CM and JMM executive president Hemant Soren leaves from PMLA Court in Ranchi.
Hemant Soren has been sent to judicial custody for one day. pic.twitter.com/jMz4yAveLm
— ANI (@ANI) February 1, 2024
ईडी ने सोरेन का 10 दिन का रिमांड मांगा था। अदालत ने अपना आदेश शुक्रवार के लिए सुरक्षित रख लिया। वकीलों ने बताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सोरेन की ओर से पेश हुए महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अदालत के बाहर बताया कि झामुमो नेता को आदेश पारित होने तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पूरा मामला गलत मंशा से प्रेरित है। यह सरकार गिराने की साजिश है। पूरी कार्यवाही में पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। उनकी गिरफ्तारी तब की गयी जब उनका बयान दर्ज करने की कार्रवाई जारी थी, जो गैरकानूनी है।” हेमंत सोरेन को बुधवार रात यहां धनशोधन मामले में सात घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। झामुमो नेता को यहां बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार ले जाया गया। जेल ले जाने के लिए जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री को अदालत के बाहर लाया गया, उनके समर्थकों ने “हेमंत सोरेन जिंदाबाद” के नारे लगाए।