navlany-putin
Pic: Google

Loading

वाशिंगटन: अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का मानना है कि संभवत: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जेल में सजा काट रहे विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की फरवरी में मौत का आदेश नहीं दिया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि पुतिन ही अंतत: नवलनी की मौत के लिए जिम्मेदार थे क्योंकि जब वह जेल में बंद थे तो उन्हें क्रूर परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था, वहीं खुफिया अधिकारियों के पास इस बात के प्रमाण हैं कि पुतिन को नवलनी की मौत होने के बारे में पहले से ही जानकारी थी।

पुतिन के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के तुरंत बाद ही नवलनी की मौत हो गई थी। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर नवलनी की मौत के संवेदनशील मामले पर चर्चा की। नवलनी की मौत के तुरंत बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इसके लिए पुतिन को जिम्मेदार ठहराया था, लेकिन उन्होंने रूसी राष्ट्रपति पर यह आरोप नहीं लगाया था कि उन्होंने ही नवलनी को मारने का आदेश दिया था।

बाइडन ने तब कहा था कि हमें यह नहीं पता कि नवलनी के साथ क्या हुआ था, लेकिन इसमें भी कोई संदेह नहीं है कि नवलनी की मौत के लिए पुतिन और उनके सहयोगी जिम्मेदार थे। रूस के जाने-माने विपक्षी राजनेता और पुतिन के सबसे कट्टर दुश्मन नवलनी का फरवरी में निधन हो गया था। वह उस समय 47 वर्ष के थे। नवलनी को उग्रवाद के आरोप में 19 साल की सजा सुनाई गई थी, हालांकि उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित बताया था। वह जनवरी 2021 से जेल में थे।