देश

Published: Apr 24, 2022 08:17 PM IST

Khelo India University Gamesबेंगलुरु में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आगाज, PM नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को दिया सफल होने का मंत्र

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

बेंगलुरु. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) में रविवार (24 अप्रैल) को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (Khelo India University Games) का उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू (Vice President M Venkaiah Naidu) ने उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, राज्यपाल थावर चंद गहलोत और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर मौजूद रहे। इन खेलों में देश भर के 189 विश्वविद्यालयों के लगभग 3900 पुरुष और महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरेंगे। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सभी खिलाड़ियों को सफल होने का मंत्र दिया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए आप सभी को बहुत बहुत बधाई। बेंगलुरु शहर देश के युवा जोश की पहचान है और प्रोफेशनल्स की शान है। डिजिटल इंडिया वाले बेंगलुरु में खेलो इंडिया का आह्वान अहम है। स्टार्ट-अप्स की दुनिया में स्पोर्ट्स का ये संगम, अद्भुत है।”

पीएम ने कहा, “बेंगलुरु में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का होना, इस खूबसूरत शहर की उर्जा को और बढ़ाएगा। मैं कर्नाटक सरकार को इन खेलों के आयोजन के लिए बधाई देता हूं। ग्लोबल पेंडेमिक की तमाम चुनौतियों के बीच ये खेल, भारत के युवाओं के दृढ़ संकल्प और जज़्बे का उदाहरण है।”

उन्होंने आगे सभी खिलाड़ियों को सफल होने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, “सफल होने का पहला मंत्र होता है- टीम स्पिरिट!, स्पोर्ट्स से हमें यही टीम स्पिरिट सीखने को मिलती है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी आप इसे साक्षात अनुभव करेंगे। यही टीम स्पिरिट आपको जिंदगी को देखने का एक नया नज़रिया भी देती है।”

पीएम मोदी ने कहा, “खेल और जीवन में जज्बे, जोश और जुनून का महत्व है। इसमें जो चुनौतियों को गले लगाता है, वो विजेता होता है। दोनों में हार भी जीत होती है, हार भी सीख होती है।”