देश

Published: Jan 28, 2024 07:14 PM IST

Bihar Politicsमुख्यमंत्री की शपथ लेते ही नीतीश कुमार की पहली प्रतिक्रिया, बोले- 'अब हमेशा के लिए...'

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
नीतीश कुमार (PTI Photo)

पटना: नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने रविवार (28 जनवरी) को एक और बार बिहार के मुख्यमंत्री पद (Bihar CM) की शपथ ली। वे रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के सीएम बने। गोपनीयता की शपथ लेने के थोड़ी देर बाद नीतीश कुमार ने मीडिया से बात की।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “…8 नेताओं ने आज मंत्री पद की शपथ ली और बाकी को जल्द ही शामिल किया जाएगा। सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) और विजय सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है।” हम बिहार के विकास के लिए काम करते हैं और इसी को आगे बढ़ाएंगे और इसी में लगे रहेंगे।

आठ नेताओं ने ली शपथ 

नीतीशकुमार के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी और प्रेम कुमार ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। जद(यू) नेता विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र यादव और श्रवण कुमार के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की अगुवाई वाले हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय विधायक सुमित सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली।  सूत्रों ने बताया कि मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों पर एक या दो दिन में निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा 

कुमार ने दिन में यह कहते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में उनके लिए ‘चीजें ठीक नहीं चल रही हैं।’ इसी के साथ उन्होंने भाजपा के सहयोग से नयी सरकार बनाने का दावा भी पेश किया था। लगभग डेढ़ साल पहले उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ लिया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।