नीतीश कुमार रिकॉर्ड 9वीं बार बने बिहार के CM, इन 8 मंत्रियों ने भी ली गोपनीयता की शपथ

Loading

पटना: जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर रविवार को शपथ ली। यहां राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर (Rajendra Arlekar) ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। कुमार के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी एवं प्रेम कुमार और जद (यू) के विजेंद्र यादव एवं श्रवण कुमार ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। इसके अलावा एचएएम के संतोष कुमार सुमन, सुमित कुमार सिंह (निर्दलीय) ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नयी सरकार में मंत्रिपद की शपथ ली।

 मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

कुमार ने दिन में यह कहते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में उनके लिए ‘चीजें ठीक नहीं चल रही हैं।’ इसी के साथ उन्होंने भाजपा के सहयोग से नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लगभग डेढ़ साल पहले उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ लिया था। 

बिहार के नई सरकार जातिगत समीकरण

बिहार के नई सरकार में जातिगत समीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुर्मी समाज से आते हैं। वहीं विजय कुमार चौधरी भूमिहार हैं, जबकि श्रवण कुमार भी कुर्मी समाज से ही ताल्लुक रखते हैं। दूसरी तरफ निर्दलीय सुमित सिंह राजपूत समाज से हैं, वहीं, संतोष कुमार सुमन अनुसूचित जाति आते हैं। जबकि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी कुशवाहा और विजय कुमार सिन्हा कायस्थ समाज से आते है। 

पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को दी बधाई

बिहार में नई सरकार का गठन होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य मंत्रियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार में बनी एनडीए सरकार राज्य के विकास और यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी जी एवं विजय सिन्हा जी को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मेरी बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि यह टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के मेरे परिवारजनों की सेवा करेगी।