देश

Published: Mar 02, 2024 05:21 PM IST

PM Modi Bihar Visitबिहार के CM नीतीश कुमार ने कह दी ऐसी बात कि हंसते रह गए PM मोदी; देखें वीडियो

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

औरंगाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शनिवार (2 मार्च) को बिहार के औरंगाबाद में 21 हजार करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान पीएम मोदी के संबोधन से पहले सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान नीतीश कुमार ने जनता की और कम जबकि पीएम मोदी की और देख-देख कर भाषण दिया। सीएम ने अपने संबोधन में खुद के दूसरी पार्टी में जाने की बात कही जिस पर पीएम मोदी जमकर ठहाके लगाते नजर आए। 

औरंगाबाद जिले में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 21,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के अनावरण समारोह के अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को आश्वासन दिया कि वह हमेशा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ बने रहेंगे। कुमार ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि राजग गठबंधन आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतेगा। मैं आपको (प्रधानमंत्री) भरोसा दिलाता हूं कि अब मैं हमेशा राजग में रहूंगा।” कुमार ने पिछले महीने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन को छोड़ अपने पुराने सहयोगी भाजपा नीत राजग में लौट आए थे।  

कुमार ने कहा, ‘‘हम बिहार में आपका (प्रधानमंत्री मोदी) स्वागत करते हैं। बिहार में खूब विकास हो रहा है। मुझे विश्वास है कि अब चीजें तेजी से आगे बढ़ेंगी और राज्य विकास की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। प्रदेश के लोग अब आर्थिक रूप से अधिक सशक्त महसूस करेंगे।”  

नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को इशारा करते हुए कहा कि आप बहुत दिनों बाद आए हैं, हम ही कुछ दिन के लिए गायब हो गए थे। अब आप हमेशा आते रहेंगे। बिहार हर क्षेत्र में आगे बढ़ेगा। अब आपको आश्वस्त करते हैं कि हम अब इधर-उधर नहीं होंगे। इसके अलावा सीएम ने आगे कहा कि आप लाखों की संख्या में आए हैं, मैं सभी का स्वागत करता हूं। आमस-दरभंगा फोरलेन पथ के बनने से नागरिकों को सुविधा मिलेगी। अब पटना से बिहटा आना-जाना आसान हो जाएगा। गंगा नदी पर छह लेन के पुल निर्माण से आमजन को लाभ होगा।