देश

Published: Nov 26, 2022 03:30 PM IST

Bharat Jodo Yatraराजस्थान सरकार 'भारत जोड़ो यात्रा' में जोंकेगी ताकत, 4 हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
प्रतीकात्मक तस्वीर

जयपुर: राजस्थान पुलिस (Rajasthan Police) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के राजस्थान चरण की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन से चार हजार पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात वी के सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस एस सेंगाथिर (S Sengathir) ने शनिवार इन इस संबंध में वीडियो कांफ्रेंस से बैठक की। उन्होंने यात्रा के मार्ग में आने वाले जिलों के पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर के पहले सप्ताह में राजस्थान में प्रवेश करेगी। यह राज्य 20 दिन के अपने चरण के दौरान छह जिलों से गुजरेगी। सिंह ने बताया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ राजस्थान के झालावाड़, कोटा ग्रामीण, कोटा शहर, बूंदी, सवाईमाधोपुर, दौसा व अलवर से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के लिए पुलिस ने पुख्ता बंदोबस्त की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दौरान 3-4 हजार पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इनके लिए ड्यूटी के दौरान खाने पीने, रात्रि विश्राम इत्यादि प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारियां शुरू की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि कोटा रेंज से यात्रा राजस्थान में प्रारंभ हो रही है। उन्होंने बताया कि कोटा रेंज की टीम समीपवर्ती मध्य प्रदेश राज्य में जाकर वहां व्यवस्थायें देख कर आयी है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान आने वाली भीड़ एवं वीवीआईपी की सुरक्षा को ध्यान में रखते यात्रा मार्ग पर यातायात की योजना बनायी जा रही है।

एक बयान के अनुसार बैठक में यात्रा के दौरान की जाने वाले बन्दोबस्त, यातातात व्यवस्था, वीवीआईपी और वीआईपी की सुरक्षा, कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम, नुक्कड़ सभा के दौरान पुख्ता व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के ठहरने व खाने की व्यवस्था के बारे में चर्चा हुई और निर्देश दिए गए।

प्रदेश कांग्रेस ने भी यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भारत जोड़ो यात्रा के मार्ग पर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए इन दिनों कोटा व झालावाड़ के जिलों की यात्रा पर हैं। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। (एजेंसी)