देश

Published: Dec 03, 2021 10:18 AM IST

Tamil Nadu Corona Updatesतमिलनाडु में टेंशन बढ़ी, विदेश से आए दो लोग पाए गए कोविड पॉज़िटिव, जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सैंपल

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo:ANI

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका (South Africa) में सामने आए कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) ने भारत (India) में भी दस्तक दे दी है। डेल्टा वैरिएंट (Delta Variant) से भी खतरनाक इस वायरस की देश में एंट्री होने के बाद चिंता बढ़ गई है। इस बीच तमिलनाडु में भी टेंशन बढ़ गई है। यहां विदेश से आए दो यात्री कोविड पॉज़िटिव पाए गए हैं। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमण्यम ने बताया कि, दो अलग-अलग मामलों में सिंगापुर और ब्रिटेन से आए दो यात्री कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं जिनकी सैंपल टेस्टिंग के लिए चेन्नई और बेंगलुरु भेजे गए हैं। 

तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमण्यम ने बताया कि, तिरुचिरापल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सिंगापुर का एक यात्री COVID पॉजिटिव पाया गया और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए उसके नमूने चेन्नई और बेंगलुरु भेजे गए हैं। वहीं चेन्नई में ब्रिटेन के एक अन्य यात्री को COVID पॉजिटिव पाया गया है और उसे किंग इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिवेंटिव मेडिसिन, चेन्नई के एक विशेष वार्ड में भर्ती कराया गया। चेन्नई और बेंगलुरु में उसके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए नमूने भेजे गए हैं।

दरअसल गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने वायरस के दो मामलों की जानकारी दी। इसमें से एक व्यक्ति लगभग 66 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी नागरिक है, जो वापस चला गया है। इनके संपर्क में आए 24 प्राथमिक और 240 सेकेंडरी संपर्कों का पता लगा लिया है। वहीं, दूसरा व्यक्ति 46 वर्षीय डॉक्टर है। उनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि, 29 देशों में ओमीक्रोन के 373 मामले अब तक दर्ज़ किए गए हैं।

बता दें कि, अब तक 30 देशों में ओमीक्रोन के 375 मामले अब तक दर्ज़ किए गए हैं। वहीं कोरोना वायरस के बी.1.1.529 स्वरूप की पहचान इस हफ्ते दक्षिण अफ्रीका में की गई थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने शुक्रवार को इस स्वरूप को ‘चिंता उत्पन्न करने वाले स्वरूप’ की श्रेणी में डाला। विश्व निकाय ने वायरस के इस स्वरूप को ‘ओमीक्रॉन’ नाम दिया है। इस वायरस की सबसे पहले जानकारी 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में मिली थी।