देश

Published: Nov 28, 2021 08:03 PM IST

Tripura Municipal Election 2021 Resultत्रिपुरा निकाय चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत, 334 में से 329 वार्ड पर किया कब्ज़ा, विपक्ष को मिली सिर्फ 5 सीटें

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Representational Pic

अगरतला. त्रिपुरा में हुए निकाय चुनावों (Tripura Municipal Elections) में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत हासिल की है। जिसके लिए भाजपा के राष्ट्रिय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा (JP Nadda) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने भाजपा नेताओं को बधाई दी है और जनता का अभिवादन किया। भाजपा ने आज घोषित हुए 334 वार्ड के  नतीजों में 329 वार्ड में जीत दर्ज की है। जिसमें भाजपा ने 112 सीटें पहले ही निर्विरोध जीत ली थी। इस चुनाव में विपक्ष को मात्र 5 सीटें हासिल हुई हैं।

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि, “त्रिपुरा में स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को भव्य जीत हासिल हुई है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री विप्लव देव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई देता हूं।”

नड्डा ने कहा, “भाजपा ने आज घोषित हुए 334 वार्ड के नतीजों में 329 वार्ड में जीत दर्ज़ की है। जिसमें भाजपा ने 112 सीटें पहले ही निर्विरोध जीत ली थी। इस चुनाव में विपक्ष को मात्र 5 सीटें हासिल हुई हैं।”

उन्होंने कहा कि, स्थानीय निकायों में भाजपा की जीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, उनकी लोक-कल्याणकारी योजनाओं और राज्य के विकास के प्रति डबल इंजन सरकार के कमिटमेंट में जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि, त्रिपुरा के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की विजय राष्ट्रवादी ताकतों, विकासवादी सोच की जीत है। विघटनकारी ताकतों, हिंसा व विवाद की राजनीति करने वालों और त्रिपुरा का अपमान करने वालों को राज्य की जनता ने सिरे से खारिज कर विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगाई है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर को न केवल एक सूत्र में पिरोया है बल्कि इसे उग्रवाद, हिंसा और आए दिन के ब्लॉकेड से मुक्त कर, शांति स्थापित करते हुए, विकास के एक नए युग की शुरुआत की है। भाजपा में विश्वास और अनवरत आशीर्वाद के लिए पुनः प्रदेशवासियों का अभिनंदन!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बड़ी जीत के लिए बधाई दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट कर कहा कि, “त्रिपुरा के लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता देते हैं। मैं त्रिपुरा भाजपा को स्पष्ट समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं। ये आशीर्वाद हमें त्रिपुरा में प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण के लिए काम करने की अधिक शक्ति देता है।” 

वहीं राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि, “त्रिपुरा में निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने 51 सदस्यीय अगरतला नगर निगम (एएमसी) की सभी सीटों पर जीत हासिल की है। विपक्षी टीएमसी और सीपीआई (एम) एएमसी में खाता खोलने में विफल।”

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि भगवा दल ने 15 सदस्यीय खोवाई नगर परिषद, 17 सदस्यीय बेलोनिया नगर परिषद, 15 सदस्यीय कुमारघाट नगर परिषद और नौ सदस्यीय सबरूम नगर पंचायत के सभी वार्ड में जीत हासिल की। उन्होंने बताया कि पार्टी ने 25 वार्ड वाले धर्मनगर नगर परिषद, 15 सदस्यीय तेलियामुरा नगर परिषद और 13 सदस्यीय अमरपुर नगर पंचायत में विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर दिया। भाजपा ने सोनामूरा नगर पंचायत और मेलाघर नगर पंचायत की सभी 13-13 सीटों पर जीत हासिल कर ली। उसने 11 सदस्यीय जिरानिया नगर पंचायत में भी विजय प्राप्त की।

पार्टी ने अंबासा नगर परिषद की 12 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि तृणमूल और माकपा ने एक-एक सीट जीती और एक अन्य सीट निर्दलीय उम्मीदवार के पास गई। भाजपा ने कैलाशहर नगर परिषद की 16 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि माकपा को एक सीट मिली। पानीसागर नगर पंचायत में भाजपा 12 सीटों पर विजयी हुई, जबकि माकपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की। राज्य में एएमसी, 13 नगर परिषदों और छह नगर पंचायतों की सभी 334 सीटों पर भाजपा ने उम्मीदवार उतारे थे और उनमें से 112 पर निर्विरोध जीत हासिल की थी। बाकी 222 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था।