पर्यटन

Published: Sep 13, 2020 02:04 PM IST

पर्यटनआज तक नहीं बन सकी दिल्ली के इस मकबरे की छत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

देश की राजधानी दिल्ली बेहद ही खूबसूरत शहर है। यहाँ घूमने के लिए इतना कुछ है, जिसके बारे में तो बहुत से लोग जानते ही नहीं हैं। तो आज हम आपको बता रहे हैं भीड़भाड़ से दूर दिल्ली की इन जगहों की खूबसूरती के बारे में, जिनकी मनमोह लेने वाली खूबसूरती आपको फोटोग्राफ्स लेने पर मजबूर कर देगी। साथ ही यहाँ के इतिहास के बारे में भी जानने का मौका मिलता है, जिससे आपको अपने देश की राजधानी के बारे में ज्ञान हो सके। आइए जानें…

गंधक की बावली-

दिल्ली के मेहरौली में भारत की सबसे पुरानी बावली बनी हुई है। इस बावली में बारिश का पानी इकट्ठा किया जाता था। इस कुएं में सल्फर मिले होने की वजह से इसमें गंध आती है। पांच मंजिला यह कुआं अपने गुणकारी पानी की वजह से भी जाना जाता है।

सतपुला ब्रिज-

यह एक प्राचीन जल संचयन बांध था, जो दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित है। इसके निर्माण का श्रेय सुल्तान मुहम्मद शाह तुगलक के शासनकाल को दिया जाता है। सतपुला ब्रिज 7 ब्रिजों को जोड़कर बनाया गया है। यह ब्रिज बेहद ही खूबसूरत है। 

इल्तुतमिश का मकबरा-

कुतुबमीनार के पास बने इस मकबरे को कुछ साल पहले ही पर्यटकों के लिए खोला गया है। इस मकबरे के ऊपर छत नहीं है। यहां छत बनाने का प्रयास किया गया लेकिन हर बार छत गिर जाती थी। इस मकबरे पर सुंदर नक्काशी की गई है, जो इसकी खूबसूरती और भी बढ़ा देती है। 

आधम खान का मकबरा-

आधम खान के मकबरे का निर्माण 16वीं सदी में हुआ था। यह मुगल शासक अकबर को बड़े प्रिय थे। अगर मुगलों के बारे में जानने की जिज्ञासा हो तो एक बार इस मकबरे का रुख करें। यहाँ आपको बहुत सी जानकारी प्राप्त होगी और भीड़भाड़ से दूर इस जगह पर आपको सुकून भी मिलेगा।