क्रिकेट

Published: Sep 22, 2021 05:41 PM IST

Birthday Special27 साल की उम्र में किया डेब्यू, गुस्से की वजह हमेशा विवादों में घिरा रहा ये खिलाड़ी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार बल्लेबाज अंबाती रायडू (Ambati Rayudu Birthday) का आज यानी 23 सितंबर को जन्मदिन है। आज ही के दिन 1985 में रायडू का जन्म आंध्र प्रदेश के गुंटूर में हुआ था। रायडू मैदान पर हमेशा आक्रामक ही नज़र आते थे। रायडू को मध्यक्रम का काफी उम्दा बल्लेबाज माना जाता था। भारतीय टीम (Indian Cricket Team) के लिए खेल चुके इस खिलाड़ी का करियर काफी छोटा रहा है, लेकिन वह कई विवादों में घिरे रहे थे। फिर भी वह अपनी बल्लेबाजी के दम पर खुद को साबित करते रहे थे। 

रायडू की कप्तानी के अंदर कई युवाओं ने खेला है, जो टीम इंडिया में आकर छा गए, जिसमें सुरेश रैना, इरफान पठान, आरपी सिंह और दिनेश कार्तिक जैसे खिलाड़ी शामिल है। लेकिन उन्हें मैन इन ब्लू की जर्सी पहनने का मौका बहुत देर से मिला। वह अपने गुस्से की वजह से कई बार विवादों में फंस चुके हैं। गुस्से की वजह से उनका क्रिकेटिंग टैलेंट कभी बाहर ही नहीं आ पाया। जब कभी कुछ बेहतर होने की उम्मीद होती थी, तब उनका गुस्सा हर चीज़ पर पानी फेर देता था। रायडू मैदान पर साथी खिलाड़ियों से लेकर बीसीसीआई तक से उलझ जाते थे।

राडयू ने 24 जुलाई 2013 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इस मुकाबले में वह 84 गेंदों पर 63 रन बनाकर नाबाद रहे थे। इसके बाद से ही वह टीम के अंदर बाहर होते रहे। उस वक्त इस बल्लेबाज की उम्र 27 साल थी और वह भारत की तरफ से सबसे ज्यादा उम्र में डेब्यू मैच में हाफ सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए थे। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।