क्रिकेट

Published: Dec 06, 2022 01:21 PM IST

Happy Birthday Shreyas Iyer श्रेयस अय्यर: टीम इंडिया के ''जादूगर'' की ज़िंदगी में पिता ने निभाया अहम रोल, डेब्यू मैच में ही जड़ा था शतक

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
PIC: Twitter

नई दिल्ली: टीम इंडिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer Birthday) का आज यानी 6 दिसंबर को जन्मदिन है। श्रेयस अय्यर ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई। आज के समय में वह टीम इंडिया के लिए क्रिकेट के तीनों प्रारूप में खेलते हैं, इतना ही नहीं वह तीनों प्रारूपों में सफल भी रहे हैं। आईपीएल के बाद चर्चा में आए इस खिलाड़ी ने टीम इंडिया (Team India) में मौका मिलने पर अपना लोहा मनवाया है। जिसके बाद अब वह टीम इंडिया के अहम खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका जन्म साल 1994 में मुंबई के चेंबूर में हुआ था। इस साल वह अपना 28वां जन्मदिन मना रहे हैं। 

पिता का रहा अहम रोल  

श्रेयस अय्यर की सफलता में सबसे बड़ा हाथ उनके पिता संतोष का रहा है। वह चाहते थे कि उनका बेटा देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेले। अय्यर अंडर 16 के दिनों में मुश्किल दौर में थे। तब उनके पिता उनको स्पोर्ट्स फिजियोलोजिस्ट के पास लेकर गए, जहां उनको पता चला कि हर क्रिकेटर की तरह अय्यर का कठिन दौर भी चल रहा है। जिसके बाद अय्यर मानसिक रूप से ठीक हुए और बाद में करियर में आगे बढ़ते गए। जूनियर क्रिकेट के दिनों को लेकर उनके ऊपर डॉक्यूमेंट्री भी बनी है। इसका नाम ‘श्रेयस अय्यर डॉक्यूमेंट्री – ए फादर्स ड्रीम’ रखा गया।

DC के लिए रन ठोककर बटौरी सुर्खियां  

श्रेयस अय्यर को साल 2015 के आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स ने 2 करोड़ 60 लाख रूपये में खरीदा था। उन्होंने इस फ्रैंचाइजी को निराश नहीं किया। अय्यर उस सीजन 400 से ज्यादा रन बनाकर तहलका मचा दिए थे। इस सीजन के बाद उनकी जमकर चर्चा हुई। अगले कुछ साल वह आईपीएल में दिल्ली के लिए खेले और 2018 में कप्तान बन गए।

टी20 क्रिकेट का चौथी सबसे तेज सेंचुरी

श्रेयस अय्यर उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं, जिन्होंने भारत के लिए टी20 प्रारूप में सबसे तेज शतक जड़े हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अय्यर के नाम 37 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड है। अय्यर ने यह कारनामा सिक्किम के खिलाफ किया था। करियर के शुरुआती दौर में उनको तेज बैटिंग के कारण यंग वीरू भी कहा जाता था। वीरेंद्र सहवाग की तरह वह भी तूफानी खेल के लिए मशहूर हैं। 

डेब्यू टेस्ट में जड़ा शतक, पिता का सपना पूरा 

अय्यर के पिता उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए देखन चाहते हैं। आखिरी में उन्होंने अपने पिता का सपना पूरा किया। नवंबर 2021 में कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू करते हुए अय्यर ने पहली पारी में शतक जमाते हुए 105 रनों का स्कोर बनाया। वह इतने में नहीं रुके, अपनी दूसरी पारी में भी उन्होंने अर्धशतक जमा दिया। जिसके बाद डेब्यू मैच में शतक और अर्धशतक जड़ने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

टीम इंडिया के हैं जादूगर 

श्रेयस अय्यर अपने बेहतरीन खेल के अलावा जादूगर रूप में भी मशहूर हैं। वह टीम इंडिया के जादूगर भी कहलाते हैं। वह अपनी मैजिकल ट्रिक्स से टीम के साथियों का मनोरंजन भी करते हैं। इतना ही नहीं, वह सोशल मीडिया पर भी इसके लिए काफी फेमस हैं।